Saturday, June 6, 2026
Homeखेलटी20 वर्ल्ड कप से पहले तिलक वर्मा पर बड़ा अपडेट.....

टी20 वर्ल्ड कप से पहले तिलक वर्मा पर बड़ा अपडेट…..

नई दिल्ली। बाएं हाथ के युवा स्टार बल्लेबाज तिलक वर्मा को लेकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अहम अपडेट सामने आया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 मुकाबलों से बाहर रहने वाले तिलक वर्मा अब सीरीज के शेष दो मैचों में भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले उनके टीम इंडिया से जुड़ने की पूरी संभावना है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 23 वर्षीय तिलक वर्मा 3 फरवरी को मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। इसके बाद 4 फरवरी को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 का वॉर्म-अप मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें तिलक के मैदान पर उतरने की उम्मीद है। भारत अपना पहला वर्ल्ड कप मुकाबला 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मुंबई में खेलेगा।

तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी20 मैचों के लिए टीम में शामिल किया गया था, हालांकि उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिल पाया। चूंकि तिलक अब बचे हुए मुकाबलों में भी नहीं खेलेंगे, ऐसे में अय्यर के टीम में बने रहने की संभावना है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम मैनेजमेंट उन्हें अंतिम एकादश में मौका देता है या नहीं।

टी20 इंटरनेशनल में तिलक वर्मा का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। वह भारत के लिए अब तक 40 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक की मदद से 1183 रन बनाए हैं। वह एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। दुबई में खेले गए उस रोमांचक मुकाबले में उनकी अर्धशतकीय पारी ने भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

वहीं, तिलक की अनुपस्थिति में ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। झारखंड के 27 वर्षीय बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने दूसरे टी20 में 32 गेंदों पर 76 रन की तूफानी पारी खेली थी। इसके अलावा तीसरे मुकाबले में भी उन्होंने सिर्फ 13 गेंदों में 28 रन ठोककर अपनी फॉर्म का परिचय दिया।

अगर तिलक वर्मा वर्ल्ड कप से पहले पूरी तरह फिट होकर वापसी करते हैं और ईशान किशन इसी तरह रन बरसाते रहे, तो टीम मैनेजमेंट के सामने नंबर तीन के लिए चयन करना आसान नहीं होगा। ऐसे में यह मुकाबला चयनकर्ताओं के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

Related Articles

Latest News