Thursday, October 22, 2026
Homeखेलजर्मनी ने स्लोवाकिया को हराकर फीफा विश्व कप 2026 में किया क्वालिफाई

जर्मनी ने स्लोवाकिया को हराकर फीफा विश्व कप 2026 में किया क्वालिफाई

लीपज़िग,(हि.स.)। जर्मनी ने सोमवार को अपने अंतिम क्वालीफायर मैच में स्लोवाकिया को 6-0 से करारी शिकस्त देकर अगले साल होने वाले फीफा विश्व कप 2026 के लिए जगह पक्की कर ली। पहले हाफ में ही चार गोल दागकर जर्मनी ने मैच पर पूरी तरह कब्ज़ा जमा लिया और स्लोवाकिया को मार्च में होने वाले प्लेऑफ में धकेल दिया।
चार बार की विश्व चैंपियन जर्मनी, जो पिछली दो विश्व कप (2018 और 2022) में पहले दौर से बाहर हो गई थी, ने ग्रुप में 15 अंकों के साथ टॉप किया। स्लोवाकिया 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

मैच में जीत या ड्रॉ किसी भी परिणाम से जर्मनी को क्वालिफिकेशन मिल सकता था, लेकिन टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। 18वें मिनट में निक वोल्टेमाडे ने लगातार तीसरे मैच में चौथा गोल करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 29वें मिनट में सर्ज ग्नाब्री ने लियोन गोरेत्स्का के शानदार पास पर गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया।

36वें मिनट में फ्लोरियन विर्ट्ज़ के पास पर लेरॉय साने ने शानदार कर्लिंग शॉट के साथ तीसरा गोल किया। मात्र पाँच मिनट बाद विर्ट्ज़ ने एक और असिस्ट देकर साने को उनका दूसरा गोल दिलाया, जिससे जर्मनी हाफ टाइम तक 4-0 की मजबूत बढ़त ले चुका था। स्लोवाकिया, जिसने सितंबर में ब्रातिस्लावा में जर्मनी को हराया था, इस बार जर्मन टीम के दबदबे के आगे पूरी तरह असहाय दिखा।

वोल्टेमाडे ने मैच के बाद कहा, “हमने शुरुआत से अंत तक बेहतरीन खेल दिखाया। डिफेंस में कुछ भी मौका नहीं दिया और अटैक में रचनात्मक रहे। जर्मनी के लिए खेलना शानदार है, और अब हम विश्व कप में हैं।”

दूसरे हाफ में जर्मनी की गति थोड़ी धीमी हुई, लेकिन सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों रिडले बाकू और असान ओएद्राओगो ने एक-एक गोल दागकर स्कोर 6-0 कर दिया। 19 वर्षीय ओएद्राओगो अपने डेब्यू मैच में जर्मनी के लिए गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।

जर्मनी ने विश्व कप के लिए 21वीं बार क्वालिफाई किया है, जो ब्राज़ील (23) के बाद दूसरा सर्वाधिक है। टीम ने साफ कर दिया है कि उसका लक्ष्य फीफा विश्व कप 2026 जीतकर 2018 और 2022 की निराशाजनक प्रदर्शन की भरपाई करते हुए अपनी खोई प्रतिष्ठा वापस पाना है। टीम 2014 में खिताब जीतने के बाद से किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के फाइनल में नहीं पहुंची है।

Related Articles

Latest News