Thursday, October 22, 2026
Homeखेलपेरिस एफसी ने किया बड़ा उलटफेर, चैंपियन पीएसजी बाहर

पेरिस एफसी ने किया बड़ा उलटफेर, चैंपियन पीएसजी बाहर

पेरिस, 13 जनवरी (हि.स.)। फ्रेंच फुटबॉल कप में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां पेरिस एफसी ने मौजूदा चैंपियन और रिकॉर्ड 16 बार की विजेता पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट के अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। यह मुकाबला सोमवार रात पार्स दे प्रिंस स्टेडियम में खेला गया।

मैच के हीरो रहे पीएसजी अकादमी के पूर्व खिलाड़ी जोनाथन इकोने, जिन्होंने सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतरने के बाद अंतिम 20 मिनट में विजयी गोल दागकर अपनी पुरानी टीम को चौंका दिया। इस हार के साथ पीएसजी को 2022 के बाद पहली बार फ्रेंच कप में घरेलू मैदान पर शिकस्त झेलनी पड़ी, जबकि 2014 के बाद यह उसकी अंतिम-32 चरण में पहली हार रही।

गोल करने के बाद इकोने ने फ्रांस टेलीविज़न से कहा,“हम बहुत खुश हैं। हमने शानदार डिफेंस किया। अपने गोल से मैं बेहद खुश हूं, यह मेरे लिए खुशी का पल है और उम्मीद करता हूं कि यह मेरा आखिरी गोल नहीं होगा।”

मैच से पहले पीएसजी के पूर्व कप्तान मामादू साको ने मैदान पर ही संन्यास की घोषणा की। साको ने अपने करियर की शुरुआत पेरिस एफसी अकादमी से की थी और बाद में पीएसजी का रुख किया था।

दोनों टीमें इसी महीने की शुरुआत में भी भिड़ी थीं, जब 1990 के बाद पहली बार शीर्ष डिवीजन में पेरिस डर्बी खेला गया था। उस मुकाबले में डिज़ायरे दूए और उस्मान डेम्बेले के गोल से पीएसजी ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। इसके बाद पीएसजी ने कुवैत में खेले गए मुकाबले में मार्सेई को पेनल्टी शूटआउट में हराकर फ्रेंच चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की थी।

नव-प्रोमोटेड पेरिस एफसी, जिसे लग्ज़री ब्रांड एलवीएमएच और रेड बुल का समर्थन प्राप्त है, फिलहाल लीग-1 तालिका में 15वें स्थान पर है और रेलिगेशन प्ले-ऑफ से दो अंक ऊपर है।

मैच की बात करें तो पीएसजी ने पहले हाफ में दबदबा बनाए रखा। जॉर्जिया के ख्विचा क्वारात्सखेलिया ने कई मौके बनाए, लेकिन गोल नहीं कर सके। वहीं, पेरिस एफसी के लिए अलीमामी गोरी को शुरुआती दौर में सबसे अच्छा मौका मिला, जिन्हें हाफटाइम से पांच मिनट पहले इकोने से बदला गया।

दूसरे हाफ के 10वें मिनट में पेरिस एफसी के सेंटर-बैक मुस्तफा एमबो की खराब पासिंग ने पीएसजी को बड़ा मौका दिया, लेकिन गोलकीपर ओबेद नकाम्बादियो ने गोंसालो रामोस के शानदार शॉट को पंच कर बाहर कर दिया।

खेल के अंतिम 15 मिनट में, जब पीएसजी लगातार दबाव बना रहा था, तभी पेरिस एफसी ने काउंटर अटैक किया और इकोने ने मौके का फायदा उठाते हुए गोल दाग दिया। सात मिनट के इंजरी टाइम में डिज़ायरे दूए का हेडर बराबरी के बेहद करीब गया, जबकि नकाम्बादियो ने वितिन्हा के लॉन्ग-रेंज शॉट पर शानदार बचाव कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।

इस राउंड के आखिरी मुकाबले में मार्सेई छठे डिवीजन की टीम बायो के खिलाफ खेलेगा। यह मैच नॉर्मंडी में काएन के स्टेड मिशेल-डॉर्नानो में खचाखच भरे दर्शकों के सामने होगा। बायो, जो सदियों पुरानी टेपेस्ट्री के लिए प्रसिद्ध है, टूर्नामेंट में बची सबसे निचली रैंक की टीम है। अंतिम-16 का ड्रॉ इस मुकाबले से पहले आयोजित किया जाएगा।

शनिवार को, वुल्व्स के पूर्व कोच गैरी ओ’नील ने स्ट्रासबर्ग के नए कोच के रूप में अपने कार्यकाल की शुरुआत चौथे डिवीजन की एव्रांश टीम पर 6-0 की बड़ी जीत के साथ की।

Related Articles

Latest News