आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में टीम इंडिया के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी की, जिसने पूरी क्रिकेट दुनिया को चौंका दिया। वैभव ने फाइनल मुकाबले में महज 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए और यूथ वनडे इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेली।
15 चौके और 15 छक्कों से उड़ा दिए होश
अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने 15 चौके और 15 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट और आक्रामक अंदाज इंग्लैंड के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नजर आया। यह पारी अब यूथ वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी के रूप में दर्ज हो चुकी है।
कपिल देव से होने लगी तुलना
वैभव की इस पारी की तुलना अब भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव से की जा रही है। साल 1983 के वनडे वर्ल्ड कप में कपिल देव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 175 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जिसने भारतीय क्रिकेट का इतिहास बदल दिया था।
जब हालात थे बेहद मुश्किल
1983 के उस मुकाबले में भारत की हालत बेहद खराब थी। टनब्रिज के मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने सिर्फ 17 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।
सुनील गावस्कर और के. श्रीकांत जल्दी आउट हो गए थे और स्कोर 20 से नीचे पहुंच चुका था।
हरियाणा हरिकेन का ऐतिहासिक तूफान कपिल देव ने संभाली थी पारी
इसके बाद कप्तान कपिल देव ने ऐसी पारी खेली, जिसने उन्हें ‘हरियाणा हरिकेन’ बना दिया। कपिल देव की 175 रनों की बदौलत भारत ने 8 विकेट पर 266 रन बनाए और फिर शानदार गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे को 235 रन पर समेटकर मुकाबला जीत लिया।
वैभव के सामने भी थे चुनौतीपूर्ण हालात
करीब 43 साल बाद वैभव सूर्यवंशी भी कुछ ऐसे ही हालात में बल्लेबाजी करने उतरे। उनके ओपनिंग पार्टनर एरोन जॉर्ज सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए।
ऐसा लगा कि वैभव संभलकर खेलेंगे, लेकिन उन्होंने बिल्कुल अलग ही तेवर दिखाए।
इंग्लैंड के हर गेंदबाज की हुई धुनाई
एरोन जॉर्ज के आउट होने के बाद वैभव ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर इंग्लैंड के गेंदबाजों पर कहर बरपा दिया।
इंग्लैंड का शायद ही कोई गेंदबाज बचा हो, जिसे वैभव ने निशाना न बनाया हो। उनके शॉट्स देखकर ऐसा लग रहा था कि वह दोहरा शतक भी पूरा कर लेंगे।
दोहरे शतक से चूके, लेकिन इतिहास रच दिया
मेनी लुम्सडन की गेंद पर आउट होने से पहले वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक पारी से यूथ वनडे क्रिकेट में इतिहास रच चुके थे। उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।











