Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशहार्ट अटैक आने से 28 साल के आउटसोर्स बिजली कर्मी की मृत्यु

हार्ट अटैक आने से 28 साल के आउटसोर्स बिजली कर्मी की मृत्यु

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अंतर्गत जबलपुर सिटी सर्किल के कार्यपालन अभियंता कार्याल जेसू पूर्व शहर संभाग के तहत रद्दी चौकी चौराहे के पास 33X11 केवी सब-स्टेशन में कार्यरत आउटसोर्स कर्मी की महज 28 साल की उम्र में हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई।

जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी में आउटसोर्स ठेका कंपनी क्रिस्टल कंपनी के द्वारा नियोजित आउटसोर्स कर्मी भागचंद रजक उम्र 28 वर्ष जबलपुर में अधारताल के पास किराये के मकान में रहता था। रोजाना की भांति आउटसोर्स कर्मी ड्यूटी खत्म कर घर पहुंचा और फ्रेश हुआ, इसी दौरान अचानक भागचंद रजक ने मकान मालिक को बताया कि सीने में दर्द हो रहा है और अचेत हो गया।

आस-पड़ोस के लोगों ने बिजली कर्मी को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि भागचंद रजक की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन इतनी कम उम्र में बिजली कर्मी की मृत्यु पर लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था, इसलिए दूसरे अस्पताल में भी बिजली कर्मी की जांच कराई गई, जहां के डॉक्टर ने भी मृत्यु होने की बात कही। बताया जा रहा है कि आउटसोर्स कर्मी भागचंद जबलपुर के मझौली के पास सिहोदा गांव का रहने वाला था और उसकी दो माह के बाद शादी होना तय हो गई थी।

संघ के हरेंद्र श्रीवास्तव, मोहन दुबे, अजय कश्यप, राजकुमार सैनी, लखन सिंह राजपूत, विनोद दास, इंद्रपाल सिंह, संदीप दीपांकर आदि के द्वारा ठेका कंपनी क्रिस्टल से मांग की गई है कि आउटसोर्स कर्मी के किसी एक परिजन को नौकरी एवं सहायता राशि दी जाए।

Related Articles

Latest News