सतना। एमपी के सतना में आयोजित एक शादी समारोह में की गई हर्ष फायरिंग में चली गोली 9 साल के बच्चे शुभम पाल को लगी। गोली चलने की आवाज से शादी समारोह में अफरातफरी व चीखपुकार मच गई।
इस बीच देखा तो बच्चा खून से लथपथ हालत में छटपटा रहा था। जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए जबलपुर के मेडिकल कालेज रेफर किया गया।
बताया गया है कि सतना के रिया मैरिज गार्डन में यादव परिवार की बारात जब मैरिज गार्डन पहुंची तो स्वागत के दौरान कुछ लोग हर्ष फायरिंग कर रहे थे। एक व्यक्ति लगातार 12 बोर की बंदूक से फायर कर रहा था।
उक्त व्यक्ति ने जैसे ही दोबारा फायरिंग करने के लिए बंदूक लोड की तभी गोली चल गई तो सीधे शुभम पाल के पेट में लगी और वह चीखते हुए गिर गया। बच्चे को खून से लथपथ हालत में देख शादी समारोह में अफरातफरी मच गई।
देखते ही देखते शादी की चहल पहल मातम में बदल गई। बच्चे शुभम को उठाकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर के मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल अस्पताल में भरती बालक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने इस मामले में सतना के सिद्धार्थ नगर निवासी राम प्रसाद यादव उर्फ पुरुषोत्तम उम्र 55 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। जिस 12 बोर बंदूक से फायरिंग हुईए वह दूल्हे के पिता के नाम पर लाइसेंसी बताई जा रही है। पुलिस ने बंदूक जब्त कर ली है।











