Homeमध्य प्रदेशजबलपुर में ‘श्रम संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन, श्रम संहिताओं और सामाजिक सुरक्षा...

जबलपुर में ‘श्रम संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन, श्रम संहिताओं और सामाजिक सुरक्षा को लेकर किया गया जागरूक

जबलपुर: श्रम संहिताओं, श्रम कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा पर जिला स्तरीय क्षमता निर्माण एवं जागरूकता कार्यक्रम ‘श्रम संवाद’ का आयोजन 17 नवंबर, 2026 को सत्य अशोका होटल जबलपुर में किया गया। इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा मध्य प्रदेश सरकार के श्रम विभाग एवम कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय, जबलपुर के सहयोग से किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रम संहिताओं और उनके अंतर्गत बनाए गए नियमों के संबंध में नियोक्ताओं, मानव संसाधन (एचआर), विधिक एवं वित्तीय क्षेत्र के पेशेवरों में जागरूकता बढ़ाना था। इसके अतिरिक्त श्रम सुधारों, श्रमिक कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा के संबंध में जागरूकता और संस्थागत क्षमता को सुदृढ़ करना, केंद्र एवं राज्य के बीच समन्वय बढ़ाना तथा हितधारकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करना प्रमुख उद्देश्य था।

ऋचा शर्मा, निदेशक (वेतन), श्रम एवम रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I एवं क्षेत्रीय कार्यालय, जबलपुर के प्रभारी अधिकारी कैलाश चन्द्र जोशी ने सहभागिता की। अभिषेक कुंवर क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय विशेषज्ञ के रूप में भी कार्यक्रम में भाग लिया। इसके अतिरिक्त, राज्य श्रम विभाग के सहायक श्रम आयुक्त सूर्यकांत सिरवैया तथा केन्द्रीय श्रम विभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए सहायक कल्याण आयुक्त श्रम एवं रोजगार मंत्रालय  नवीन वैद्य एवं सहायक श्रम आयुक्त (केन्द्रीय) एम् पी मीना भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यशाला में नियोक्ताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों तथा विधि, मानव संसाधन एवं वित्तीय क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।

ऋचा शर्मा, निदेशक (वेतन), श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करते हुए श्रम संहिताओं की प्रमुख विशेषताओं एवं महत्वपूर्ण प्रावधानों पर प्रकाश डाला। क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I कैलाश चन्द्र जोशी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) के प्रावधानों, उद्देश्यों एवं लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) अंशदान हेतु वेतन सीमा को ₹15,000 प्रतिमाह से बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह किया गया है। इससे ऐसे अतिरिक्त कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आने का अवसर मिलेगा, जो पूर्व में निर्धारित वेतन सीमा से अधिक वेतन प्राप्त करने के कारण EPF कवरेज से बाहर थे।

उन्होंने आगे बताया कि वेतन सीमा में इस वृद्धि से PMVBRY के अंतर्गत पंजीकरण के लिए पात्र कर्मचारियों का दायरा भी विस्तृत होगा। योजना में निर्धारित पात्रता शर्तों के अनुसार, इससे पात्र नए कर्मचारियों के साथ-साथ उनके नियोक्ताओं को भी योजना के अंतर्गत परिकल्पित प्रोत्साहन राशि का लाभ प्राप्त करने के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे। जोशी ने नियोक्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिकाधिक रोजगार के अवसर सृजित कर तथा पात्र नए कर्मचारियों का पंजीकरण सुनिश्चित कर इस योजना का लाभ उठाएं।

उन्होंने इस बात पर भी विशेष बल दिया कि ऐसे कर्मचारियों को, जो अब तक सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर रहे हैं, पात्रता के अनुसार वैधानिक सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने के लिए नियोक्ताओं को सक्रिय पहल करनी चाहिए। उन्होंने सभी नियोक्ताओं से इस पहल में सक्रिय भागीदारी का आग्रह करते हुए कहा कि इससे PMVBRY के लाभों का अधिकतम विस्तार करने के साथ-साथ रोजगार सृजन एवं श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के व्यापक उद्देश्य को भी साकार किया जा सकेगा।

क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II अभिषेक कुंवर तथा सहायक श्रम आयुक्त  सूर्यकांत सिरवैया ने चारों श्रम संहिताओं एवं उनके अंतर्गत अधिसूचित केन्द्रीय नियमों के तहत नियोक्ताओं के लिए निर्धारित प्रमुख अनुपालन आवश्यकताओं पर तकनीकी सत्र आयोजित किए।

श्रम मंत्रालय के कल्याण आयुक्त नवीन वैद्य द्वारा प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन (पीएम-एसवाईएम) योजना पर सत्र को संबोधित किया। कार्यक्रम में एक प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को अपनी जिज्ञासाओं और प्रश्नों के समाधान प्राप्त करने तथा श्रम संहिताओं, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं एवं सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला।

केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर इस कार्यक्रम ने जागरूकता बढ़ाने, विषयों की बेहतर समझ विकसित करने और हितधारकों की भागीदारी को सुदृढ़ करने में योगदान दिया। इससे नई श्रम संहिताओं को प्रभावी ढंग से अपनाने और लागू करने के प्रयासों को भी बल मिलेगा।

Related Articles

Latest News