जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिला मुख्यालय से पाटन तहसील सेकरीब 35 किमी दूर ग्राम मादा में शादी समारोह में शामिल होने आए 40 वर्षीय व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुनील अहिरवार निवासी ग्राम गौर हिनौती के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांचशुरू कर दी है।
एसडीओपी लोकेश डाबर ने बताया कि सुनील बुधवार 4 फरवरी को अपने दोस्तों के साथ अहिरवार समाज के शादी समारोह में शामिल होने ग्राम मादा आया था। बीती रात करीब 2 बजे उसके साथियों ने उसे सड़क किनारे लहूलुहान हालत में देखा और तुरंत पाटन स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डांस को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बारात निकलने के दौरान डीजे पर डांस को लेकर सुनील का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद शांत करा दिया और बारात आगे बढ़ गई, लेकिन इसी बीच सुनील भीड़ से गायब हो गया। बारात लगने के बाद जब दोस्तों ने तलाश की तो वह सड़क किनारे खून से सना मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के साथियों व शादी में शामिल लोगों से पूछताछ की। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।











