Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशसोना दोगुना करने के नाम पर महिला से ठगी, बाबा बनकर ठग...

सोना दोगुना करने के नाम पर महिला से ठगी, बाबा बनकर ठग ने लाखों के 10 तोला जेवर हड़पे

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर में सोना दोगुना करने का झांसा देकर एक महिला रजनी विश्वकर्मा के साथ लाखों रुपए के जेवरात और नकदी ठगने का मामला सामने आया है।

सोने के जेवर व नगदी रुपए हड़पे जाने से महिला ने थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी बाबा की तलाश शुरु कर दी है।

बांसकुंवारी रोड हाईवे के पास रहने वाली महिला रजनी विश्वकर्मा उम्र 50 वर्ष ने पुलिस को दी गई लिखित शिकायत में बताया कि वह अपनी मां के साथ रहती हैं। उनके परिवार के अन्य सदस्य बाहर रहते हैं।

पीडि़ता ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले अजय मेहरा उर्फ अज्जू ने उन्हें एक कथित बाबा का मोबाइल नंबर दिया था और उससे संपर्क करने की सलाह दी।

जब रजनी ने उस नंबर पर बात की तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को मुल्ला अजमेर बताया। उसने तंत्र-मंत्र के जरिए सोना दोगुना करने का झांसा दिया और महिला को विश्वास में लेकर कहा कि एक विशेष प्रक्रिया से उनका सोना दोगुना किया जा सकता है।

ठग के झांसे में आई रजनी विश्वकर्मा ने अपने लगभग 10 तोला सोने के जेवर जिसमें चेन, झुमकी, अंगूठियां, चूडिय़ां, हार व 60 हजार रुपये नकद, अपना मोबाइल फोन एक लाल कपड़े में बांधा।

यह सारा सामान उसने घर के पास स्थित एक खाली प्लॉट में रख दिया। ठग ने उसे सामान रखने के बाद पीछे मुड़कर न देखने और एक घंटे बाद वापस आने का सख्त निर्देश दिया था।

इस बीच ठग सारा सामान लेकर भाग निकला। तय समय के बाद जब महिला वापस प्लॉट पर पहुंची तो वहां से सारा सामान गायब था।

तब उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने तत्काल स्टेशनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Latest News