नरसिंहपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में बुधवार 12 फरवरी की देर रात को थार और बाइक की जोड़दार भिड़ंत हो गई। जिसमें सरपंच और उसके चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। मामला ठेमी थाना क्षेत्र का है। घटना धमना बस स्टैंड के पास रात करीब 11 बजे हुई।
ठेमी थाना प्रभारी प्रीति मिश्रा ने बताया कि थार गाड़ी क्रमांक एमपी20-जेडई 6935 और एक बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में बाइक पर सवार दोनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुशरान पिपरिया गांव के सरपंच चरणलाल मेहरा और उनके भाई भगवान सिंह के रूप में हुई है। वे दोनों एक शादी समारोह से अपने गांव लौट रहे थे।
थार चालक को इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया
हादसे में थार वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, थार गाड़ी करेली क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











