जबलपुर। एमपी के जबलपुर में पनागर स्थित पड़रिया स्थित नहर में गिरने से मोटर साइकल सवार युवक नितिन ठाकुर की मौत हो गई। वह दोस्त के जन्मदिन की पार्टी मनाकर घर लौट रहा था, इस दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और नहर में गिर गया।
पुलिस के अनुसार माढ़ोताल क्षेत्र में रहने वाले युवक नितिन ठाकुर का 16 जनवरी को जन्मदिन था, जिसके चलते वह शाम को अपने साथी विपिन काछी के साथ बाइक से जन्मदिन मनाने के लिए निकला।
देर रात तक नितिन घर नहीं आया तो परिजनों ने मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसका फोन बंद था। रातभर इंतजार के बाद सुबह तक न लौटने पर परिजनों ने माढ़ोताल थाना में नितिन के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
इस बीच पनागर थाना पुलिस को सूचना मिली कि पड़रिया नहर में एक युवक का शव और उसके पास बाइक दिखी है। पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार और उनकी टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला।
पहचान के बाद मृतक युवक की पहचान नितिन ठाकुर के रूप में हुई, जो शुक्रवार शाम घर से निकला था और लौटकर नहीं आया। पुलिस टीम व गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में पता चला कि नितिन अपने दोस्त विपिन काछी के साथ बाइक में सवार होकर बर्थडे पार्टी मनाकर लौट रहा था।
रात करीब 11 बजे जब नितिन और विपिन बाइक से नहर किनारे के रास्ते से लौट रहे थे, तब उनकी बाइक चरखी गांव के पास अनियंत्रित हो गई। हादसे के दौरान विपिन जमीन पर गिरा, जबकि नितिन बाइक सहित नहर में जा गिरा और कुछ ही देर में डूब गया। विपिन किसी तरह पनागर थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी।
थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि मौके पर अंधेरा होने के कारण रात को रेस्क्यू नहीं हो सका। सुबह रेस्क्यू के दौरान नितिन और उसकी बाइक को घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर मिली। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।











