जबलपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जबलपुर महानगर द्वारा आज रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु 19 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा गया।
यह ज्ञापन कुलगुरु, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) को संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया गया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने बताया कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक अव्यवस्थाएँ, परीक्षा परिणामों में अनावश्यक विलंब, पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव, छात्रवृत्ति एवं फीस से संबंधित समस्याएँ, डिग्री, माइग्रेशन एवं मार्कशीट के वितरण में देरी, शैक्षणिक कैलेंडर का पालन न होना, तथा मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी अनेक समस्याएँ लंबे समय से बनी हुई हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर अभाविप द्वारा 19 सूत्रीय ज्ञापन तथ्यों एवं सहायक दस्तावेजों के साथ तैयार कर प्रशासन के समक्ष रखा गया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जब अभाविप कार्यकर्ता विश्वविद्यालय प्रशासन से चर्चा कर रहे थे , उसी समय कुलगुरु एवं डीन ऑफ स्टूडेंट्स वेलफेयर के मध्य प्रशासनिक विषयों को लेकर तीखी नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इस घटनाक्रम से यह स्पष्ट होता है कि विश्वविद्यालय के भीतर आंतरिक समन्वय की कमी है, जिसका सीधा असर छात्रों की समस्याओं के समाधान पर पड़ रहा है।
अभाविप ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आपसी मतभेदों का खामियाजा विद्यार्थियों को नहीं भुगतना चाहिए।
अभाविप ने प्रशासन से मांग की है कि 19 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए एक स्पष्ट कार्ययोजना जारी की जाए, जिससे छात्रों में विश्वास बहाल हो सके।
जबलपुर महानगर मंत्री आर्यन पुंज ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा शीघ्र समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई, तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि छात्रहित सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर छात्रों के अधिकारों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य माखन शर्मा, महानगर संगठन मंत्री प्रभात तिवारी, ऐश्वर्य सोनकर, अनमोल सोनकर, तृषा पांडे, अक्षत ताम्रकर,आर्या सिंह, सत्यम पटेल, पारुल साहू, भास्कर पटेल, प्रफुल तिवारी, दिव्यांक पचौरी,लखन मांझी,नयन जैन, अनिमेष केवट, सूर्यांश सिंह, अरमान पांडे, आयुष बारी, आशुतोष पटेल, गौरव वाल्मीकि, अनिमेष ठाकुर, यश पटेल एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे ।











