Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशजबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के पुत्र अमोल सक्सेना का दिल्ली में निधन

जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के पुत्र अमोल सक्सेना का दिल्ली में निधन

जबलपुर (हि.स.)। जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के 21 वर्षीय बेटे अमोल सक्सेना का रविवार को दिल्ली के एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। शनिवार को अचानक अमोल की तबीयत खराब हो गई थी। ऐसी आशंका है कि वे हीट स्ट्रोक का शिकार हुए थे। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि उनकी मौत की असली वजह क्या है।

जबलपुर कलेक्टर सक्सेना के बेटे अमोल दिल्ली में रहकर फिल्म स्टडीज का कोर्स कर रहे था। बताया जा रहा है कि शनिवार को उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया था। रविवार सुबह दिल्ली में अमोल के केयरटेकर जब उन्हें देखने के लिए गया, तब उनकी स्थिति काफी चिंताजनक थी। जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। ऐसी आशंका है कि वे हीट स्ट्रोक का शिकार हुए हैं। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। खबर मिलते ही कलेक्टर दीपक सक्सेना दिल्ली रवाना हो गए। अमोल का शव सोमवार को एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली से जबलपुर लाया जाएगा। यहां ग्वारीघाट पर उनकी पार्थिव देह का अंतिम संस्कार होगा।

2010 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक सक्सेना वर्तमान में जबलपुर में कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। उनकी एक बेटी भी है, जो दिल्ली में ही प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। दीपक सक्सेना मूल रूप से जबलपुर के रहने वाले हैं। उनके बेटे के निधन की जानकारी लगते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सिविल लाइन स्थित कलेक्टर के बंगले पर पहुंचने लगे। संभागीय कमिश्नर अभय वर्मा, आईजी अनिल कुशवाह समेत डीआईजी, एसपी और कई अधिकारी कलेक्टर बंगले पहुंचे हैं।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख

जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के बेटे अमोल सक्सेना के निधन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना के युवा एवं होनहार पुत्र अमोल सक्सेना के असामयिक देहावसान का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। बाबा महाकाल से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान दें। मैं मध्यप्रदेश शासन की ओर से दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

Related Articles

Latest News