भोपाल,(हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के गांधी नगर स्थित गर्ल्स हॉस्टल में बीटेक प्रथम वर्ष की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा और हॉस्टल की एक महिला स्टाफ के बीच नोक-झोंक होने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि परिजनों और छात्रा के साथियों के विस्तृत बयान तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
छात्राओं ने हॉस्टल स्टाफ को दी सूचना
एसआई कन्हैयालाल यादव ने बताया कि मृत छात्रा की पहचान सव्याश्री मुनागला (19) के रूप में हुई है, जो धार जिले की रहने वाली थी। वह भोपाल के RGPV कॉलेज से बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड बिजनेस सिस्टम (CSBS) की पढ़ाई कर रही थी और कॉलेज कैंपस में स्थित गर्ल्स हॉस्टल में रहती थी।
बुधवार रात डिनर के बाद वह अपने कमरे में गई थी। गुरुवार दोपहर तक जब वह बाहर नहीं निकली, तब साथी छात्राओं ने हॉस्टल स्टाफ को इसकी सूचना दी।
दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को बुलाया गया
हॉस्टल वार्डन छात्रा के कमरे तक पहुंचीं और काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गेट खुलवाया। कमरे के अंदर छात्रा दुपट्टे से बने फंदे पर लटकी हुई मिली। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर एफएसएल टीम को मामले की सूचना दी। टीआई विजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, उस समय कमरे का गेट खुला हुआ था और उसका लॉक टूटा हुआ पाया गया।
एफएसएल जांच, मोबाइल और लैपटॉप जब्त
एफएसएल टीम ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन और लैपटॉप कब्जे में ले लिया है, जिनकी जांच की जाएगी। घटना की जानकारी छात्रा के परिजनों को दे दी गई है। धार से उनके भोपाल पहुंचने के बाद उनकी मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर शव को हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी भेजने की तैयारी कर रही है।
एक दिन की छुट्टी के बाद लौटी थी छात्रा
वार्डन ने पुलिस को बताया कि छात्रा एक दिन की छुट्टी लेकर गई थी और घर जाने की बात कही थी, हालांकि वह घर नहीं गई। वापस लौटने के बाद उससे सामान्य पूछताछ की गई थी। बुधवार रात उसका व्यवहार सामान्य बताया गया है। छात्रा की रूम पार्टनर 10 जनवरी से छुट्टी पर थी, जिसके कारण वह कमरे में अकेली रह रही थी।
सहपाठी ने लगाए आरोप, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
छात्रा के सहपाठी समीर शुक्ला ने आरोप लगाया कि वार्डन ने युवक से बात करते देख छात्रा को फटकार लगाई थी और इस संबंध में उसके परिजनों को भी जानकारी दी गई थी, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गई थी। इस बात की चर्चा कॉलेज परिसर में होने की बात भी कही गई।
हालांकि, टीआई विजेंद्र मर्सकोले ने स्पष्ट किया कि युवक के साथ देखे जाने या वार्डन से विवाद की बात अब तक की जांच में सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की मौजूदगी में सभी संबंधित पक्षों के विस्तृत बयान दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।











