Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशनिगम कर्मियों से मारपीट करने वालों के घर नोटिस चस्पा, तीन दिन...

निगम कर्मियों से मारपीट करने वालों के घर नोटिस चस्पा, तीन दिन में भवन अनुमति के मांगे दस्तावेज

भोपाल (हि.स.) । राजधानी भोपाल में नगर निगम कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के बाद अब निगम ने भी सख्ती दिखाई है। शुक्रवार सुबह मारपीट करने वाले दोनों भाइयों के घरों पर नोटिस चस्पा किया गया है। जिसमें 400 स्क्वेयर फीट के मकान की अनुमति की जानकारी मांगी गई है। तीन दिन में अनुमति समेत अन्य दस्तावेज देने होंगे। अन्यथा निर्माण अवैध पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घर टूट भी सकता है। वहीं, निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण ने इसी मुद्दे पर शुक्रवार को कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों की बैठक भी बुलाई है।

गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर में निगम की टीम वार्ड-15 के जेपी नगर की गली नंबर-3 में वे डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान तारिक पिता कम्मू खान और उसका छोटा भाई छोटू कचरा डालने आए। नगर निगम के कर्मचारियों ने उनसे सूखा और गीला कचरा अलग-अलग देने को कहा था। इसी बात पर दोनों भाइयों ने अभद्रता करते हुए निगमकर्मियों से मारपीट की थी और जान से मारने की बात कही।

इस घटना में निगमकर्मी मो. साजिद (28) निवासी शाहजहांनाबाद, रेखा इंगले और करण इंगले के साथ मारपीट की गई थी। वहीं हमले के विरोध में कर्मचारियों ने गौतम नगर थाने का घेराव भी किया था। इसके बाद आरोपितों के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का केस दर्ज किया था। कर्मचारियों की चेतावनी के बाद शाम को पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया था।

उल्लेखनीय है कि भोपाल में करीब 450 कचरा कलेक्शन गाड़ियां चलती हैं। मध्यप्रदेश शासकीय वाहन चालक यांत्रिकी कर्मचारी संघ ने गुरुवार शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर शुक्रवार से गाड़ियां नहीं चलाने की चेतावनी दी थी। हालांकि, शाम को ही पुलिस ने दोनों भाइयों को पकड़ लिया था। इसके चलते शुक्रवार सुबह गाड़ियां डोर-टू-डोर कचरा लेने के लिए पहुंच गई।

Related Articles

Latest News