Sunday, January 25, 2026
Homeमध्य प्रदेशमप्र में ठंड का दौर जारी , तापमान और बढ़ने की समभावना

मप्र में ठंड का दौर जारी , तापमान और बढ़ने की समभावना

भोपाल, (हि.स.) । मध्य प्रदेश में ठंड का दौर जारी है। पांच दिसंबर से सर्दी जमकर सितम ढाएगी। प्रदेश में दो दिन बाद कड़ाके की ठंड पड़ेगी। कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। मंगलवार की रात प्रदेश के कई शहरों में अच्छी ठंड पड़ी। हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, हिमालयी क्षेत्र में 5 दिसंबर से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में इसका असर अगले 2 दिन में यानी, 6-7 दिसंबर को देखने को मिल सकता है। बर्फीली हवा आने से इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन और सागर संभाग में सबसे ज्यादा सर्दी रहेगी। ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के सभी जिलों में बर्फीली हवाओं से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

भोपाल संभाग के सीहोर-विदिशा में भी ठंड का जोर रहेगा। सागर संभाग के निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़-पन्ना, रीवा संभाग के मऊगंज, सीधी-सिंगरौली में तेज ठंड का असर रहेगा। वहीं जबलपुर संभाग के मंडला-डिंडोरी, इंदौर संभाग के इंदौर, धार और झाबुआ में कड़ाके की ठंड के आसार है।

इससे पहले मंगलवार की रात में कई शहरों में तेज ठंड रही। भोपाल और इंदौर में पारा 9 डिग्री से नीचे रहा। वहीं, प्रदेश का इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजगढ़ में 8.5 डिग्री, नौगांव में 8.6 डिग्री, कल्याणपुर-शाजापुर में 8.7 डिग्री, उमरिया में 9.3 डिग्री और रीवा में पारा 9.6 डिग्री रहा।

इधर, मंगलवार को दिन के तापमान में भी गिरावट का दौर जारी रहा। सुबह के समय ग्वालियर में घना कोहरा रहा। यहां विजिबिलिटी 500 से 1 हजार मीटर दर्ज की गई। भोपाल, दतिया में 1 हजार मीटर तक विजिबिलिटी रही।

हिल स्टेशन पचमढ़ी में 22.6 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 23 डिग्री, शिवपुरी में 24 डिग्री, बैतूल में 24.2 डिग्री, नरसिंहपुर में 24.4 डिग्री, सिवनी में 24.6 डिग्री, धार में 25.3 डिग्री, रीवा में 25.5 डिग्री, छिंदवाड़ा में 25.8 डिग्री, उमरिया में 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर में 25.6 डिग्री, भोपाल में 26 डिग्री, उज्जैन में 28.4 डिग्री, ग्वालियर में 28 डिग्री, जबलपुर में 26 डिग्री रहा।

Related Articles

Latest News