पनागर । भारत सरकार के दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के निदेशक डॉ महेश कुमार ने आज बुधवार को पनागर विकासखण्ड के ग्राम भिड़ारीकला, सिंगौद और लखनवारा का भ्रमण कर चना एवं मसूर की फसल का अवलोकन किया।
दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के निदेशक ने भिडारीकला के कृषक विनय पटेल, सिंगोद के कृषक ऋषभ कुर्मी तथा लखनवारा के कृषक प्रफुल्ल सिंह एवं सुखविंदर सिंह से चर्चा भी की।
इन किसानों के खेतों में कृषि विभाग द्वारा चना और मसूर की फसल के प्रदर्शन प्रक्षेत्र स्थापित किये गये हैं। चर्चा के दौरान फसल वृद्धि, रोग-कीट की स्थिति, उत्पादन संभावनाओं की समीक्षा की गई तथा उन्नत कृषि तकनीकों संबंधी सुझाव किसानों को प्रदान किये गये।
इसके अतिरिक्त जाबालि फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी तथा विजय श्री एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड बरोदा की बीज प्रसंस्करण इकाई का निरीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर सहायक संचालक कृषि रवि आम्रवंशी, अनुविभागीय अधिकारी जबलपुर श्रीमती प्रतिभा गौर एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पनागर डॉ पंकज शर्मा उनके साथ थे।











