Friday, October 23, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में शहडोल स्टेशन यार्ड के पास पलटे कोयला लदी मालगाड़ी के...

एमपी में शहडोल स्टेशन यार्ड के पास पलटे कोयला लदी मालगाड़ी के चार डिब्बे

शहडोल (हि.स.)। गुरुवार की सुबह मालगाड़ी के चार डिब्बे शहडोल स्टेशन से लगे यार्ड पर पलट गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रेलवे के अधिकारियों ने घटना का जायजा लिया। पटरी से पलटे हुए डिब्बों को हटाने का काम तेजी के साथ शुरू हो गया है।

जानकारी अनुसार एक मालगाड़ी सूरजपुर छत्तीसगढ़ से कोयला लोडकर राजस्थान जा रही थी। कोयले से भरी मालगाड़ी जैसे ही शहडोल स्टेशन से लगे यार्ड पर पहुंची तो उसके चार डिब्बे पटरी से उतरकर पलट गए। दुर्घटना गुरुवार की सुबह 6 बजकर 40 मिनट की बताई जा रही है। जैसे ही मालगाड़ी के डिब्बे पलटे उसके पश्चात ही रेलवे का सायरन कई बार बजा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यार्ड लाइन 10 पर मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे हैं, जिस कारण ट्रेनों के आवागमन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। ट्रेनों का आवागमन यथावत जारी है। यात्री ट्रेनों में इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। मेन लाइन से हटकर यार्ड में दुर्घटना घटी है। यार्ड में रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है, वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके हैं।

Related Articles

Latest News