Homeमध्य प्रदेशशहडोल में बंदूकों से लैस बदमाशों ने किसान दंपती को बनाया बंधक,...

शहडोल में बंदूकों से लैस बदमाशों ने किसान दंपती को बनाया बंधक, लाखों के जेवरात लेकर फरार

शहडोल. एमपी के शहडोल जिले के बुढार थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले ग्राम धनगांव में डकैती की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हथियारों से लैस 5 से अधिक बदमाशों ने एक किसान परिवार के घर में लाखों की डकैती की है।

बताया जा रहा है कि, बदमाशों ने हथियारों के दम पर पहले तो दंपती को बंधक बनाया। फिर उनके घर से लाखों रुपए नगद और जेवरात लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि, बदमाशों में महिला के गले में मंगलसूत्र तक नहीं छोड़ा। सबकुछ लूटकर ले गए हैं।

बताया जा रहा है कि, इलाके में रहने वाले किसान ओमप्रकाश केवट के घर पर बीती देर रात बदमाशों ने धावा बोला। सभी आरोपी बंदूकों और धारदार हथियारों से लैस थे और घर में घुसते ही बदमाशों ने किसान ओमप्रकाश और उनकी पत्नी को हथियारों की नोक पर कब्जे में ले लिया।

इसके बाद पति-पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बांधकर दोनों के मुंह पर टेप चिपका दिया, ताकि वे किसी तरह का शोर न मचा सकें। घर के भीतर करीब आधे घंटे तक बदमाश आतंक मचाते रहे।

अलमारियों और संदूकों को खंगालते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर दंपती को बंधा छोड़कर भाग निकले।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरु की

बदमाशों के जाने के बाद दंपती ने कड़ी मशक्कत से खुद को बंधन से मुक्त किया और तत्काल बुढार थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

Related Articles

Latest News