Thursday, May 14, 2026
Homeमध्य प्रदेशमध्‍य प्रदेश में जबलपुर सहित 11 जिलों में आज ओले गिरने का...

मध्‍य प्रदेश में जबलपुर सहित 11 जिलों में आज ओले गिरने का अलर्ट, अगले चार दिन तक बारिश-आंधी की संभावना

भोपाल (हि.स.) । मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं बेमौसम बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश में अगले चार दिन तक बारिश और आंधी की संभावना है। आज सोमवार को जबलपुर सहित 11 जिलों में ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कई जिलों में लू का भी अलर्ट है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में गर्मी का असर देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) और एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन एक्टिव है। इस वजह से प्रदेश में मौसम बदला हुआ है। अगले चार दिन तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। वहीं गर्मी का असर भी बना रहेगा। सोमवार को जिन जिलों में ओले गिरने का अलर्ट है, उनमें छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया और कटनी शामिल हैं।

इसके अलावा सिंगरौली, सागर, नर्मदापुरम, बैतूल, देवास में गरज-चमक और बूंदाबांदी हो सकती है। 29-30 अप्रैल और 1 मई को भी बारिश का दौर बना रहेगा, लेकिन लू और तेज गर्मी का असर भी देखने को मिल सकता है। ग्वालियर-चंबल संभाग में दिन में लू और रात में बारिश का अलर्ट है।

इससे पहले रविवार को बारिश के बीच गर्मी का असर भी देखा गया। पूर्वी हिस्से में बारिश का दौर चला। छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, सिवनी, उमरिया समेत कई जिलों में बारिश हुई। भोपाल में शाम को बूंदाबांदी का दौर शुरू हुआ।

वहीं पश्चिमी हिस्से में गर्मी का असर रहा। तापमाप की बात करें तो छतरपुर जिले के नौगांव में एक ही दिन में 10 डिग्री पारा लुढ़क गया। यहां शनिवार को तापमान 43 डिग्री था, जो रविवार को 33 डिग्री पर आ गया। छिंदवाड़ा में 4 डिग्री, खजुराहो में 4.2 डिग्री, सीधी में 6 डिग्री, सिवनी में 2 डिग्री, मलाजखंड में 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

प्रदेश में रविवार को रतलाम सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, गुना में 41.6 डिग्री, धार-खरगोन में 41.2 डिग्री, नरसिंहपुर में 41 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 40.2 डिग्री और शिवपुरी में पारा 40 डिग्री रहा।

प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 39.2 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री, ग्वालियर में 40.2 डिग्री, उज्जैन में 41 डिग्री और जबलपुर में 37.5 डिग्री रहा। बाकी जिलों में तापमान 40 डिग्री से कम ही दर्ज किया गया। सबसे ठंडा सीधी रहा। यहां पारा 31.8 डिग्री रहा।

Related Articles

Latest News