जबलपुर । जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में 26 से 28 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय तकनीकी एवं सांस्कृतिक उत्सव इनर्शिया 2.0 का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने तकनीकी नवाचार, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हैकाथॉन CodeHunt के प्रथम दिवस पर प्रतिभागियों ने अपने विचारों एवं समस्या समाधान कौशल का प्रदर्शन किया। इसी दिन नृत्य, संगीत, ओपन माइक के साथ नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।
दूसरे दिवस पर पीपीटी एवं प्रोटोटाइप राउंड के माध्यम से नवाचारी परियोजनाओं की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई। अंतिम दिवस पर Kinetic Showdown (आरसी कार रेस) का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने तकनीकी दक्षता एवं गति नियंत्रण का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत स्टैंड-अप कॉमेडी, डिबेट एरीना, थिएटर एक्ट, नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों के साथ Just A Thought के सहयोग से ओपन माइक का आयोजन किया गया।
इसके अतिरिक्त प्रसिद्ध कलाकार विक्रोध की प्रस्तुति एवं आकर्षक डीजे ईवनिंग कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे। समापन अवसर पर हैकाथॉन, ई-स्पोर्ट्स तथा Kinetic Showdown के विजेताओं का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण किया गया।
यह आयोजन महाविद्यालय के माननीय प्राचार्य डॉ. राजीव चंदक, रसायन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपा महेश्वरी, औद्योगिक उत्पादन एवं अभियांत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय सोनी तथा डॉ. हेमंत अमैया के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संयोजक श्री अर्जित त्रिपाठी एवं श्री पावस कटारे के नेतृत्व में यह तीन दिवसीय उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।










