Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशप्रबंध संचालक ने उच्चदाब उपभोक्ताओं से किया संवाद, सुविधाओं की दी जानकारी

प्रबंध संचालक ने उच्चदाब उपभोक्ताओं से किया संवाद, सुविधाओं की दी जानकारी

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने कहा कि मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी उच्‍च दाब उपभोक्‍ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्‍तापूर्ण बिजली आपूर्ति के साथ ही शिकायतों के निराकरण के लिए कृत संकल्पित है। औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ता कंपनी के राजस्व में अहम भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर निदेशक (वाणिज्‍य) सुधीर श्रीवास्‍तव, निदेशक (तकनीकी) डीपीएस यादव, मुख्‍य महाप्रबंधक भोपाल क्षेत्र अमृतपाल सिंह, मुख्‍य महाप्रबंधक ग्‍वालियर (प्रभारी) अमित श्रीवास्‍तव, मुख्‍य महाप्रबंधक ओएंडएम एके जैन आदि उपस्थित थे।

बैठक में मंडीदीप, मालनपुर, ग्‍वालियर, मुरैना, शिवपुरी, नर्मदापुरम, अशोकनगर, श्‍योपुर, भोपाल आदि क्षेत्रों के उच्‍च दाब उपभोक्‍ताओं ने अपने विचार व्‍यक्‍त करते हुए महत्‍वपूर्ण सुझावों से अवगत कराया।

प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने संवाद के दौरान औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं को बताया कि कंपनी द्वारा औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए कंपनी कार्यक्षेत्र के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में रिलेशनशिप मैनेजर नियुक्त किये गये हैं। संवाद के दौरान औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं ने विद्युत आपूर्ति एवं विभिन्न समस्याओं से प्रबंध संचालक को अवगत कराया एवं प्रबंध संचालक द्वारा

इस संबंध में सभी मैदानी अधिकारियों और रिलेशनशिप मैनेजरों को उच्चदाब उपभोक्ताओं से निरंतर संवाद बनाये रखने तथा उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिये। उच्चदाब उपभोक्ताओं की एकीकृत बिलिंग कंपनी मुख्यालय से हो रही है वहाँ के अधिकारियों से उच्चदाब उपभोक्ता संवाद बना कर बेहतर सेवाएं प्राप्‍त कर सकते हैं।

प्रबंध संचालक ने संवाद के दौरान उच्चदाब उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे विद्युत बिलों का भुगतान समय पर करें। उन्होंने कहा कि सभी उच्‍च दाब उपभोक्‍ताओं के सहयोग से निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Latest News