सागर। एमपी के सागर में गढ़ाकोटा स्थित ग्राम कुमरई में एक खेत में स्प्रिंकलर नोजल चोरी करने आए नकाबपोश बदमाशों ने किसान श्यामलाल कुर्मी पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।
पिता पर हमला होते देख बेटा बीच बचाव करने आया तो उसपर भी हमला किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम कुमरई निवासी श्यामलाल कुर्मी उम्र 70 वर्ष अपने खेत पर पानी देने के लिए गए थे।
पानी देने के बाद वे आराम करने लेट गए। इस दौरान नकाबपोश बदमाश खेत में पहुंचे और नोजल चोरी करने लगे। आहट मिलने पर श्यामलाल जाग गए और नोजल चोरी कर रहे एक बदमाश को पकड़कर पीटना शुरु कर दिया।
इसके बाद बदमाश के साथी भी पहुंच गए, जिन्होने किसान श्यामलाल पकड़ा और घसीटते हुए खेत से दूर ले जाकर हमला कर दिया, पिता पर हमला होते देख बेटा महेश बीच बचाव करने आया तो उसपर भी हमला किया।
शोर सुनकर आसपास के खेत में काम कर रहे किसान पहुंच गए, जिन्हे देख हमलावर भाग निकले। घायल पिता व पुत्र को शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर श्यामलाल की मौत हो गई। अस्पताल पहुंची पुलिस को पूछताछ में मृतक के बेटे महेश कर्मी ने बताया कि मुझे गांव के लड़के ने फोन लगाकर बताया था कि तुम्हारे खेत पर शोर हो रहा है।
मैं तत्काल खेत पर पहुंचा तो देखा कुछ लोग पिताजी को पकड़े हैं और गंगाजोर की ओर ले जा रहे थे। उन्होंने पिता श्यामलाल पर हमला कर दिया, बीच बचाव करने पर उसपर भी वार किया। पुलिस ने पूछताछ के बाद 6 बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरु कर दी है।











