Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशबिजली अधिकारियों को एमडी की चेतावनी: शत-प्रतिशत की जाए राजस्व संग्रहण के...

बिजली अधिकारियों को एमडी की चेतावनी: शत-प्रतिशत की जाए राजस्व संग्रहण के लक्ष्य की पूर्ति

वित्त वर्ष की समाप्ति के पहले राजस्व संग्रहण के लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति एवं रबी सीजन में विद्युत वितरण व्‍यवस्‍था की तैयारी को लेकर बिजली अधिकारियों के लिए बिजली कंपनी प्रबंधन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के रायसेन वृत्त अंतर्गत विद्युत वितरण व्‍यवस्‍था को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल द्वारा बिजली की बढ़ती मांग एवं उसके अनुपात में राजस्व  ग्रहण एवं विद्युत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस दौरान मुख्‍य महाप्रबंधक भोपाल क्षेत्र अमृतपाल सिंह, महाप्रबंधक रायसेन वृत्त प्रदीप सिंह चौहान सहित रायसेन, औबेदुल्‍लागंज एवं बरेली संभाग के उपमहाप्रबंधक उपस्थित थे।

बैठक में रबी सीजन अंतर्गत जिन वितरण केंद्र की बिजली की मांग में विगत माहों में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि हुई है वहां उक्त अनुपात में नए विद्युत कनेक्शन एवं भार वृद्धि के कार्य नहीं किए जाने को लेकर चेतावनी देते हुए विद्युत आपूर्ति के अनुपात में विद्युत भार की गणना कर उक्त अनुपात में विद्युत कनेक्शन एवं भार वृद्धि सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रबंध संचालक ने कहा कि सभी वितरण केंद्र अपने वार्षिक राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। इसके साथ ही वसूली अभियान तेज करते हुए विद्युत बिल बकायादारों से राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करें।

प्रबंध संचालक ने वृत्‍त एवं संभाग अंतर्गत समस्त वितरण केंद्रों में शहरी क्षेत्र के घरेलू बंद खराब मीटर को बदलकर बिलिंग दक्षता में वृद्धि करने को कहा। आरडीएसएस योजना अंतर्गत वृत्त एवं संभाग को दिए गए लक्ष्य की पूर्ति मार्च 2025 तक करने के लिए समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

एमडी ने मासिक कनेक्शन चेकिंग के लक्ष्य को चालू महीने फरवरी अंत तक पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करने को कहा। ऐसा नहीं करने पर वेतन आहरण रोकने के निर्देश महाप्रबंधक रायसेन वृत्त को दिए।

बैठक में प्रबंध संचालक द्वारा रायसेन शहर जोन के आठ घरेलू, गैर घरेलू, कृषि कनेक्शन जिन पर विद्युत बकाया होने के कारण कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की गई थी। उन कनेक्शनों का निरीक्षण करते हुए प्रत्येक विद्युत कनेक्शन पर जाकर विद्युत बकाया की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने बकाया राशि की वसूली हेतु कठोर कदम उठाते हुए कुर्की की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Latest News