Sunday, April 27, 2025
HomeएमपीMP IAS Transfer: मध्य प्रदेश में 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले, बदले...

MP IAS Transfer: मध्य प्रदेश में 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले, बदले गए चार जिलों के कलेक्टर

MP IAS Transfer (हि.स.)। राज्य शासन द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएसएस) के नौ अधिकारियों का तबादला करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना की है। इसमें चार जिले उज्जैन, अशोकनगर, हरदा और विदिशा के कलेक्टर बदले गए हैं। इस संबंध में रविवार शाम को सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को हटाकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग भोपाल में अपर सचिव बनाया गया है, जबकि अशोकनगर कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी को हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव पदस्थ किया गया है। वहीं, हरदा कलेक्टर आदित्य सिंह को स्थानांतरित कर अशोकनगर जिले का कलेक्टर बनाया गया है। इसी तरह विदिशा कलेक्टर रोशन सिंह को उज्जैन कलेक्टर और भोपाल के अपर कलेक्टर सिद्धार्थ जैन को हरदा कलेक्टर पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा जनसंपर्क विभाग के संचालक और मध्य प्रदेश माध्यम के कार्यपालक निदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अंशुल गुप्ता को विदिशा कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, इंदौर की अपर कलेक्टर ज्योति शर्मा को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवास नियुक्त किया गया है। देवास जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति को मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है।

जारी आदेश में जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल के मुख्य कार्यालय अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ सिंहस्थ मेला उज्जैन के मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। साथ ही राज्य योजना आयोग के सदस्य सचिव एवं आर्थिक एवं सांख्यिकी आयुक्त ऋषि गर्ग को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

Related Articles

Latest News

Notifications Powered By Aplu