Monday, September 7, 2026
Homeमध्य प्रदेशMPPGCL में 1,417 कर्मचारियों को प्रमोशन, वर्षों बाद खुले पदोन्नति के रास्ते

MPPGCL में 1,417 कर्मचारियों को प्रमोशन, वर्षों बाद खुले पदोन्नति के रास्ते

MPPGCL : जबलपुर, 13 जुलाई। वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) के 1,417 नियमित अधिकारियों एवं कार्मिकों को पदोन्नति की खुशखबरी मिल गई है। मध्यप्रदेश शासन के मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 एवं सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के तहत कंपनी ने विभिन्न संवर्गों के पदोन्नति आदेश जारी कर दिए हैं।

इस फैसले से प्रदेश भर में कंपनी के ताप एवं जल विद्युत गृहों तथा विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है।

विस्तृत परीक्षण से गुज़री पदोन्नति प्रक्रिया-जारी आदेशों के अनुसार 71 प्रथम श्रेणी, 336 द्वितीय श्रेणी, 948 तृतीय श्रेणी, तथा 62 चतुर्थ श्रेणी को मिलाकर कुल 1,417 अधिकारियों एवं कार्मिकों को अब तक पदोन्नति का लाभ मिला है। इनमें तकनीकी एवं गैर-तकनीकी दोनों संवर्गों के कर्मचारी शामिल हैं।

कंपनी के मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग द्वारा सेवा अभिलेखों, वरिष्ठता, योग्यता एवं अन्य निर्धारित मापदंडों के विस्तृत परीक्षण के बाद पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया की गई। पदोन्नति के साथ ही कंपनी में रिक्त होने वाले पदों पर नई नियुक्तियों का मार्ग भी प्रशस्त होगा। इससे एक ओर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे, वहीं दूसरी ओर कंपनी में अनुभव और युवा ऊर्जा का बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।

कार्मिकों के दमखम से कंपनी ने रचे कीर्तिमान-गौरतलब है कि मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने पिछले एक दशक में बिजली उत्पादन और परिचालन दक्षता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति एवं उपलब्धियां हासिल की हैं। वित्तीय वर्ष 2016-17 में 14.47 बिलियन यूनिट बिजली उत्पादन करने वाली कंपनी ने 2025-26 में 26.58 बिलियन यूनिट उत्पादन दर्ज किया है।

इसी अवधि में 100 दिनों से अधिक लगातार संचालित रहने वाली उत्पादन इकाइयों की संख्या 2 से बढ़कर 13 हो गई है। यही नहीं, कंपनी की ऐसी ही अनेक उपलब्धियों का श्रेय कार्मिकों की तकनीकी दक्षता, कठिन परिश्रम और सतत प्रतिबद्धता को दिया जाता है। ऐसे में यह पदोन्नति के आदेश कार्मिकों के समर्पण और लगन का साक्ष्य उपहार है।

राष्ट्रीय स्तर पर कार्मिकों ने दिलाई नई पहचान-प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने सभी पदोन्नत कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कंपनी ने राष्ट्रीय स्तर पर जो प्रतिष्ठा और विश्वास अर्जित किया है, वह कंपनी कार्मिकों की मेहनत, समर्पण और कर्मनिष्ठता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि कंपनी के प्रति निभाई गई जिम्मेदारियों का सम्मान है और भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नई प्रेरणा भी है।

निदेशक (तकनीकी) सुबोध निगम तथा निदेशक (वाणिज्य) मिलिंद भांदक्कर ने कहा कि राज्य शासन की कर्मचारी हितैषी पदोन्नति नीति से लंबे समय से प्रतीक्षारत कार्मिकों सहित पूरी कंपनी में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।

कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) दीपक कश्यप ने बताया कि प्रदेश शासन के ऊर्जा विभाग के निर्देशानुसार एवं प्रबंध संचालक के मार्गदर्शन में कार्यालय द्वारा कार्मिकों की वरिष्ठता, योग्यता एवं अन्य निर्धारित मापदंडों के विस्तृत परीक्षण के बाद ही यह पूरी प्रक्रिया की गई है।

उन्होंने कहा कि पदोन्नत कार्मिकों की जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। उन्हें अपने अनुभव एवं नेतृत्व से नव नियुक्त सहकर्मियों तथा पदोन्नति से रिक्त होने वाले पदों पर आने वाले भावी साथियों का मार्गदर्शन करते हुए कंपनी को और मजबूत बनाना होगा।

Related Articles

Latest News