जबलपुर । भारत सरकार के दलहन विकास निदेशालय के निदेशक डॉ महेश कुमार ने आज विकासखण्ड जबलपुर के ग्राम दियाखेड़ा, सिवनी टोला, लम्हेटी एवं भड़पुरा का भ्रमण कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (दलहन) के अंतर्गत लगाये गये मसूर प्रदर्शनों और चना मिनिकिट का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने कृषक सतेन्द्र पटेल, प्रदीप पटेल एवं चतुरसिंह के खेतों में पहुँचकर मसूर एवं चना फसल की स्थिति देखी फसलों की वर्तमान अवस्था को देखते हुए कृषकों को सामयिक तकनीकी सलाह दी।
दलहन विकास मिशन के निदेशक ने किसानों को दलहन फसलों का रकबा बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित किया, ताकि मृदा स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
उन्होंने समन्वित कृषि प्रणाली अपनाने पर भी जोर दिया। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सहायक संचालक रवि आम्रवंशी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती प्रतिभा गौर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्रीमती रश्मि परसाई, कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती चित्ररेखा वाहने, सुश्री प्रभा सूर्यवंशी एवं श्रीमती जागृति साहू भी इस मौके पर उपस्थित रहे।











