Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशरीवा रेलवे स्टेशन पार्किंग में हंगामा, पूर्व विधायक समर्थकों संग धरने पर...

रीवा रेलवे स्टेशन पार्किंग में हंगामा, पूर्व विधायक समर्थकों संग धरने पर बैठे

रीवा. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के रीवा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कथित अवैध वसूली को लेकर आज 25 फरवरी बुधवार की सुबह जमकर हंगामा हुआ। पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ अचानक पार्किंग स्थल पर पहुंच गए। वहां पहुंचते ही उन्होंने जमीन पर बैठकर विरोध शुरू कर दिया।

उनके धरने पर बैठते ही पार्किंग ठेकेदार और मौके पर मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा और लोगों की भीड़ इक_ा हो गई। हंगामा की खबर जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को दी गई है.

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पार्किंग में लंबे समय से तय दरों से अधिक पैसे वसूले जा रहे हैं। लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उनका कहना था कि आम लोगों से जबरन पैसे वसूलना पूरी तरह गलत है और इसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि रेलवे स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगह पर इस तरह की मनमानी नहीं चल सकती। अगर तय रेट से ज्यादा पैसा लिया जा रहा है तो यह सीधे तौर पर जनता के साथ अन्याय है।

विरोध करने पर मारपीट का आरोप

धरने के दौरान पूर्व विधायक ने उस युवक को भी मौके पर बुलाया, जिसका हाथ कथित तौर पर मारपीट में टूट गया था। युवक ने आरोप लगाया कि जब उसने ज्यादा पैसे देने का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। उसने बताया कि इसी दौरान उसका हाथ टूट गया।

गुंडागर्दी नहीं चलेगी

सुखेंद्र सिंह ने कहा कि रेलवे स्टेशन जैसी सार्वजनिक जगह पर गुंडागर्दी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अवैध वसूली तुरंत बंद नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनता के हक की लड़ाई वे सड़क पर उतरकर भी लड़ेंगे। उनके धरने के दौरान समर्थकों ने भी नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की। कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

अधिकारियों का आश्वासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि अवैध वसूली या मारपीट की बात सही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Latest News