Friday, April 24, 2026
Homeमध्य प्रदेशएमपी में अगले 24 घंटे में प्रारंभ होगी कड़ाके की ठंड, पश्चिमी...

एमपी में अगले 24 घंटे में प्रारंभ होगी कड़ाके की ठंड, पश्चिमी विक्षोभ और बर्फीली हवाओं से बदलेगा मौसम

भोपाल (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। सोमवार से अधिकांश जिले में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे बाद कड़ाके की सर्दी का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि वर्तमान में हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से कल से न्यूनतम तापमान में कमी आने की संभावना हैं। हालांकि जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर 260 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। यहां पर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव हो रहा है। इस वजह से बर्फ पिघलेगी और फिर हवा की रफ्तार तेज हो जाएगी। जिसका असर प्रदेश में अगले 24 घंटे बाद यानी 10 दिसंबर से देखने को मिलेगा। दरअसल, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण उत्तरी इलाकों और पहाड़ों पर मौसम बदलेगा। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी भी होगी। ऐसा होने पर बर्फ पिघलने के बाद बर्फीली हवा मध्य प्रदेश में आएगी। जिससे भोपाल-इंदौर समेत पूरे प्रदेश में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिर जाएगा। वहीं, रविवार को प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट आयी है।

प्रदेश के तापमान की बात करें तो रविवार को रीवा में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री, सतना में 26 डिग्री, सीधी में 24.4 डिग्री, मलाजखंड में 25.8 डिग्री, पचमढ़ी में 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 27.8 डिग्री, इंदौर में 27.5 डिग्री, ग्वालियर में 26.7 डिग्री, उज्जैन में 28 डिग्री और जबलपुर में 28.3 डिग्री तापमान रहा। रात में ग्वालियर-राजगढ़ शहर सबसे ठंडे हैं। शनिवार-रविवार की रात में यहां पारा 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शाजापुर के गिरवर में 9.7 डिग्री, खजुराहो में 10.2 डिग्री, चित्रकूट-नौगांव में 10.3 डिग्री, पचमढ़ी में 10.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी पारे में गिरावट देखने को मिली है। ग्वालियर का रात का न्यूनतम तापमान सबसे कम 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा भोपाल में 12.1 डिग्री, उज्जैन में 12.8 डिग्री जबलपुर में 13.8 डिग्री और इंदौर में 14.3 डिग्री दर्ज हुआ।

Related Articles

Latest News