नरसिंहपुर। एमपी के नरसिंहपुर स्थित वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव के जंगल में अवैध सागौन की कटाई कर रहे बदमाशों ने वन विभाग की टीम पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग करते हुए भाग रहे तस्करों में एक को टीम ने पीछा करते हुए पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध सागौन, वन्यजीवों के अंग बरामद किए गए हैं।
इस मामले में फरार अन्य आरोपियों को पकडऩे के लिए वन विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वन अधिकारियों की माने तो वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव परिक्षेत्र के पश्चिम आमापानी बीट में बीट गार्ड वनरक्षक ऋषिकेश टैगोर अपने दो साथी संतोष ठाकुर व जगदीश नोरिया के साथ बाइक से गश्त पर थे।
इस दौरान कुछ लोग सागौन के पेड़ काटते हुए दिखाई दिए। जिन्हे रोकने की कोशिश की तो फायरिंग शुरु कर दी। अचानक फायरिंग होते देख वन कर्मी पीछे हट गए।
वहीं आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। खबर मिलते ही अधिकारी तत्काल पहुंच गए और फरार हुए आरोपियों की जंगल में तलाश शुरु कर दी।
जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस को पता चला कि 8 आरोपी थे, जिसमें राजा लोधी निवासी रमपुरा, अरविंद पटेल निवासी कुमरोढ़ा व रामसेवक गौंड निवासी ग्राम रमपुरा के बारे में पता चला।
जिसपर पुलिस की मदद से इनके घरों पर दबिश दी गई। जहां से भारी मात्रा में सागौन, हिरण सहित अन्य वन्य जीवों के अंग, धारदार हथियार मिले। अब वन विभाग की टीम पुलिस की मदद से फरार आरोपियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।











