Union Minister : जबलपुर, 15 जून। केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आज गोवा में ग्लोबल विंड डे 2026 के अवसर पर “पवन ऊर्जा: महत्वाकांक्षा से तीव्र क्रियान्वयन तक” (Wind Energy: From Ambition to Acceleration) विषय पर आयोजित सम्मेलन में मध्य प्रदेश को उभरती नवीकरणीय ऊर्जा अवसंरचना उत्कृष्टता (Emerging RE Infrastructure Excellence) का सम्मान प्रदान किया।
इस सम्मान को मध्य प्रदेश के ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने ग्रहण किया। इस अवसर पर केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपाद येसो नाइक सहित केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों, राज्य नोडल एजेंसियों, डिस्कॉम्स (DISCOMs), केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों (CPSUs), पवन टर्बाइन निर्माताओं, स्वतंत्र विद्युत उत्पादकों, डेवलपर्स तथा अन्य पारिस्थितिकी तंत्र भागीदारों के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित थे।
Union Minister : इस सम्मेलन को केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE), गोवा ऊर्जा विकास एजेंसी (GEDA) के सहयोग से और इंडियन विंड टर्बाइन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (IWTMA), विंड इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (WIPPA) तथा इंडियन विंड पावर एसोसिएशन (IWPA) के समर्थन से आयोजित किया गया।
यह सम्मेलन एक राष्ट्रीय स्तर के मंच के रूप में आयोजित किया गया जिसका उद्देश्य अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करना, प्रमुख हितधारकों के बीच प्राथमिकताओं का समन्वय करना तथा भारत की स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन प्रक्रिया के एक रणनीतिक स्तंभ के रूप में पवन ऊर्जा के विकास के अगले चरण पर विचार-विमर्श करना है। सम्मेलन में ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, आर्थिक विकास को समर्थन देने व विभिन्न क्षेत्रों में हरित रोजगार सृजन में पवन ऊर्जा की भूमिका पर भी विशेष बल दिया गया।











