Sunday, March 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशWCR : रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने आज कोटा मंडल...

WCR : रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने आज कोटा मंडल का किया व्यापक निरीक्षण

जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने आज कोटा मंडल का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विकास कार्यों, सुरक्षा मानकों और अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण की शुरुआत नवस्थापित बहु-विषयक प्रशिक्षण संस्थान (एमडीटीआई), कोटा के उद्घाटन से हुई। यह संस्थान कोटा मंडल के रेल कर्मचारियों के प्रशिक्षण हेतु स्थापित किया गया है। वर्तमान में परिचालन तथा सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग के प्रशिक्षण की व्यवस्था प्रारंभ हो चुकी हैl संस्थान में 48 शैय्याओं की आवासीय सुविधा एवं भोजनालय की व्यवस्था भी उपलब्ध है।

इसी अवसर पर सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग द्वारा विकसित डिजिटल निरीक्षण प्रबंधन मॉड्यूल का भी शुभारंभ किया गया। यह ई-निरीक्षण प्रणाली अधिकारियों के निरीक्षण कार्य को सुव्यवस्थित करने में सहायक होगी। इसके माध्यम से निरीक्षण टिप्पणियों का सृजन, अनुपालना की निगरानी तथा कार्यवाही की ऑनलाइन प्राप्ति और अंकन संभव होगा। इससे कमियों की समयबद्ध पूर्ति, जवाबदेही और कार्यकुशलता में वृद्धि होगी।

महाप्रबंधक ने कोटा स्थित यांत्रिकीकृत लॉन्ड्री का भी निरीक्षण किया, जहां वातानुकूलित कोचों की लिनेन धुलाई की जाती है। इस अवसर पर लॉन्ड्री प्रणाली के विस्तार कार्य का उद्घाटन किया गया। उन्होंने संपूर्ण धुलाई प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों की जानकारी ली।

इसके पश्चात उन्होंने न्यू कोटा रेलवे स्टेशन पहुंचकर पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। रामगंज मंडी रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना अंतर्गत चल रहे कार्यों, स्टेशन भवन एवं यार्ड का निरीक्षण किया गया।

यहां उन्होंने प्वाइंट संख्या 132 एवं क्रॉसिंग के मानकों की जांच की तथा ट्रैकमैन कर्मचारियों से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण क्रम में झालावाड़ सिटी रेलवे स्टेशन तथा झालरापाटन रेलवे स्टेशन का भी अवलोकन किया गया। झालरापाटन में विद्युत आपूर्ति हेतु स्थापित ट्रांसफर सब स्टेशन, आईपीएस कक्ष, बैटरी कक्ष एवं सिग्नल प्रणाली का निरीक्षण किया गया।

आईपीएस कक्ष में अग्नि सुरक्षा अलार्म की कार्यप्रणाली की भी जांच की गई। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। साथ ही नव निर्मित गुड्स लोडिंग लाइन का निरीक्षण किया, जहां से हाल ही में डी-ऑयल्ड केक की पहली रैक लोड होकर रवाना हुई है।

निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री ललित कुमार धुरंधर एवं श्री योगेश कुमार मित्तल, मुख्य परियोजना प्रबंधक (जीएसयू) श्री सौरभ मिश्रा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री विनोद कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता श्री राहुल जरेड़ा सहित अन्य शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।

महाप्रबंधक ने सभी विभागों को सुरक्षा, गुणवत्ता, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Related Articles

Latest News