जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के बीना रेलवे स्टेशन पर तीसरी लाइन के निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहने वाला है. पश्चिम मध्य रेलवे ने 9 से 15 अक्टूबर के बीच इटारसी-भोपाल विंध्याचलएक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है और कुछ को आंशिक रूप से रद्द किया है. इस फेरबदल से कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, इटारसी, भोपाल और आसपास के यात्रियों की परेशानियां बढ़ सकती हैं.
रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 11271 इटारसी-भोपाल विंध्याचल एक्सप्रेस 9 से 15 अक्टूबर तक दमोह स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी. यह ट्रेन दमोह से आगे भोपाल की तरफ नहीं जाएगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 11272 भोपाल-इटारसी एक्सप्रेस भोपाल के बजाय दमोह स्टेशन से ही चलाई जाएगी. यानी यह ट्रेन भोपाल से दमोह के बीच पूरी तरह रद्द रहेगी, जिससे दोनों ट्रेनों के 7-7 फेरे प्रभावित होंगे.
भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस बदले रास्ते से चलेगी
बीना में चल रहे काम के कारण अन्य ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है. ट्रेन नंबर 14814/14813 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस 1 से 15 अक्टूबर तक अपने तय रूट के बजाय भोपाल–संत हिरदाराम नगर–मक्सी–रूठियाई–कोटा होकर चलेगी. दोनों दिशाओं में इसके 15-15 फेरे बदले रास्ते से पूरे होंगे.
दमोह-बीना व बीना-ग्वालियर पैसेंजर
ट्रेन नंबर 51886 दमोह-बीना पैसेंजर 20 सितंबर से 15 अक्टूबर तक बीना मालखेड़ी स्टेशन पर ही रोक दी जाएगी. वहीं ट्रेन नंबर 51883 बीना-ग्वालियर पैसेंजर बीना स्टेशन के बजाय मालखेड़ी से चलेगी और फ्लाई-ओवर के रास्ते बीना को बाईपास करेगी. इनके 26-26 फेरे प्रभावित रहेंगे.
रूठियाई-बीना मेमू
ट्रेन नंबर 61612 रूठियाई-बीना मेमू 18 से 29 सितंबर तक महादेवखेड़ी स्टेशन तक ही चलाई जाएगी और रूठियाई से 90 मिनट की देरी से रवाना होगी. वापसी में ट्रेन नंबर 61625 बीना-रूठियाई मेमू भी महादेवखेड़ी स्टेशन से ही अपनी यात्रा शुरू करेगी.








