Monday, June 15, 2026
Homeमध्य प्रदेशWeather in MP : मौसम का दोहरा वार, बारिश और हीटवेव साथ-साथ

Weather in MP : मौसम का दोहरा वार, बारिश और हीटवेव साथ-साथ

Weather in MP : मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज दोहरा बना हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर जारी है, जबकि पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर देखने को मिल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 12 जून को भी 30 से अधिक जिलों में आंधी, बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं बुंदेलखंड और कुछ उत्तरी क्षेत्रों में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं, जिससे प्रदेश में मौसम का डबल अटैक देखने को मिल रहा है।

मध्य प्रदेश का मौसम?

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 12 जून को नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.वहीं छतरपुर, टीकमगढ़ और छिंदवाड़ा जिलों में ऊष्ण लहर यानी लू का असर भी बना रह सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है.

 

अगले कुछ दिनों तक मौसम में गिरावट आने की आंशक

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद आगामी तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते मौसम में बदलाव की स्थिति बनी हुई है.
पिछले 24 घंटे में कहां कैसी रही स्थिति?
बीते 24 घंटों के दौरान शहडोल संभाग के कई इलाकों और रीवा, जबलपुर तथा सागर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. वहीं अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहा. छिंदवाड़ा और खजुराहो (छतरपुर) में लू का प्रभाव देखा गया.
राज्य में सर्वाधिक वर्षा बजाग में 15 मिमी, बालाघाट में 12.4 मिमी और डिंडोरी में 9.2 मिमी दर्ज की गई. सागर में 54 किमी प्रति घंटे, शहडोल में 43 किमी प्रति घंटे और जबलपुर में 41 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं.
कई जिलों में गर्मी का प्रकोप जारी 
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस खजुराहो (छतरपुर) में दर्ज किया गया. इसके अलावा नौगांव (छतरपुर) में 44.6 डिग्री, दतिया में 43.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 43.2 डिग्री और ग्वालियर में 43.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.
यहां सबसे कम गर्मी दर्ज
शिवपुरी प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 35.8 डिग्री, मरुखेड़ा (नीमच) में 37.0 डिग्री, अमरकंटक (अनूपपुर) और मंदसौर में 37.1 डिग्री तथा गिरवर (शाजापुर) में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ.

रात में भी गर्मी से राहत नहीं

न्यूनतम तापमान की बात करें तो पृथ्वीपुर (निवाड़ी) में 31.0 डिग्री सेल्सियस, सतना में 30.9 डिग्री, श्योपुर में 30.0 डिग्री, आंवरी (अशोकनगर) और शिवपुरी में 29.9 डिग्री तथा दतिया में 29.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इससे साफ है कि कई जिलों में रात के समय भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है.

भोपाल के मौसम में क्या बदलाव रहेगा 

राजधानी भोपाल में 12 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है. शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

कुल मिलाकर मध्य प्रदेश में 12 जून को मौसम मिश्रित रहने वाला है. कई जिलों में आंधी, बिजली और हल्की बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि बुंदेलखंड और कुछ उत्तरी इलाकों में लू का असर जारी रह सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Related Articles

Latest News