Saturday, April 27, 2024
Homeभारतलोकसभा चुनाव: महाराष्ट्र में निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन किया...

लोकसभा चुनाव: महाराष्ट्र में निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन किया रद्द

मुंबई (हि.स.)। महाराष्ट्र के रामटेक संसदीय क्षेत्र के चुनाव अधिकारी ने गुरुवार को कांग्रेस उम्मीदवार रश्मि बर्वे का नामांकन रद्द कर दिया। इससे कांग्रेस पार्टी को लोकसभा चुनाव से पहले ही करारा झटका लगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने राज्य सरकार पर कांग्रेस की उम्मीदवारी रद्द करवाने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस पार्टी ने रामटेक संसदीय सीट से रश्मि बर्वे की उम्मीदवारी की घोषणा की थी। रामटेक संसदीय सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, इसलिए रश्मि बर्वे ने वर्ष 2020 में अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र हासिल किया था। इस प्रमाणपत्र को गुरुवार को सुबह जिला जाति प्रमाण पत्र जांच समिति ने रद्द कर दिया।

इसी के आधार पर गुरुवार शाम को रामटेक संसदीय चुनाव अधिकारी ने रश्मि बर्वे के जाति प्रमाणपत्र को रद्द कर दिया और रश्मि का नामांकन रद्द कर दिया। इससे कांग्रेस पार्टी को करारा झटका लगा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि यह सब साजिश के तहत किया गया है, लेकिन पार्टी ने रश्मि बर्वे को कांग्रेस का उम्मीदवार बनाने के लिए पहले ही एबी फार्म पर हस्ताक्षर किया है। इसका निर्णय चुनाव अधिकारी को लेना है।

उधर, रश्मि बर्वे ने चुनाव अधिकारी के विरुद्ध हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसकी सुनवाई कोर्ट में एक अप्रैल को होने वाली है लेकिन आज की चुनाव अधिकारी की कार्रवाई कांग्रेस पार्टी के लिए करारा झटका मानी जा रही है।

टॉप न्यूज