Sunday, April 28, 2024
Homeभारतराष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 19 बच्चों को असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री...

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 19 बच्चों को असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से किया सम्मानित

नई दिल्ली (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को 19 बच्चों को असाधारण उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इनमें नौ बालक और 10 बालिकाएं शामिल हैं। विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी और राज्य मंत्री डॉ. मुंजपारा महेंद्रभाई, सचिव इंदीवर पांडे भी उपस्थिति रहे।

इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी पुरस्कृत बच्चों को बधाई देते हुए अपने संबोधन में कहा कि बालक- बालिकाएं बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। उनमें लगन और मेहनत के बल पर पहचान बनाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि यह बच्चों की उपलब्धियों का उत्सव मनाने का अवसर भी है। उन्हाेंने कहा कि अब समाज के सभी लोगों का कर्तव्य है कि वे बच्चों काे सही राह दिखाएं।

समारोह को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने कहा कि आज का दिन राष्ट्रीय उत्सव का दिन है। उत्सव का दिन इसलिए भी है, क्योंकि लोकतंत्र के मंदिर में जनता जनार्दन पूजी जाती है और भारत के भविष्य को आज सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित करने का अवसर भारत सरकार प्राप्त हुआ है, वो भी हमारे लिए उत्सव से कम नहीं है। पुरस्कार विजेता सभी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज 19 बच्चों को राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो रहा है, जिसमें कला और संस्कृति, वीरता , नवाचार , विज्ञान और प्रौद्योगिकी, सामाजिक सेवा और खेल में बच्चों को पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इन सभी क्षेत्रों में बच्चों ने अपना हुनर, अपना जज्बा, अपना नेतृत्व दिखा चुके हैं।

स्मृति ईरानी ने कहा कि देश के प्रधानसेवक नरेन्द्र मोदी ने जिस विकसित भारत की कल्पना की है, उस विकसित भारत के ये बच्चे शिल्पकार हैं। यह पुरस्कार इसलिए भी विशिष्ट है, क्योंकि भारत ने आज विश्व भर में टेक्नोलॉजी के माध्यम से सफलता का परचम लहराया है। यह भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का पहला ऐसा राष्ट्रीय सम्मान है, जिसको देने के लिए एआई तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। अगर एआई ने देश के प्रतिभा और हुनर को चिह्नित करने में अपना योगदान दिया है।

इन पुरस्कार विजेताओं में आदित्य विजय ब्रम्हणे (मरणोपरांत), अनुष्का पाठक, अरिजीत बनर्जी, अरमान उबरानी, हेतवी कांतिभाई खिमसुरिया, इश्फाक हामिद, मोहम्मद हुसैन, पेंड्याला लक्ष्मी प्रिया, सुहानी चौहान, आर्यन सिंह, अवनीश तिवारी, गरिमा, ज्योत्सना अख्तर, संयम मजूमदार, आदित्य यादव, चार्वी ए, जेसिका नेई सरिंग, लिन्थोई चनंबम और आर सूर्य प्रसाद शामिल हैं। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल (मंगलवार) इन बच्चों से बातचीत करेंगे।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार सरकार पांच से 18 वर्ष के आयु वर्ग के बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है। प्रत्येक पुरस्कार विजेता को एक पदक और एक प्रमाणपत्र दिया जाता है।

टॉप न्यूज