Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयअसम में विभिन्न क्षेत्रों में 50 हजार करोड़ रुपये का अडानी समूह...

असम में विभिन्न क्षेत्रों में 50 हजार करोड़ रुपये का अडानी समूह करेगा निवेश

गुवाहाटी (हि.स.)। देश के दिग्‍गज उद्योगपति और अडानी समूह के अध्‍यक्ष गौतम अडानी ने असम के विभिन्न क्षेत्रों में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अडानी समूह राज्य तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए भविष्य में और अधिक निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध है।

गुवाहाटी में एडवांटेज असम 2.0 निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर शिखर सम्मेलन 2025 के उद्घाटन समारोह में गौतम अडानी ने कहा कि हम असम की प्रगति गाथा का हिस्सा बनने को उत्सुक हैं। उन्‍होंने कहा कि हम असम में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। गौतम अडानी ने कहा कि यह निवेश हवाई अड्डों, एयरोसिटी, सिटी गैस वितरण नेटवर्क, बिजली पारेषण, सीमेंट और सड़क निर्माण जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि असम विकास को गति देने की स्थिति में है। यह हमारी प्रतिबद्धता और दृष्टिकोण है कि हम अपने और राज्य के लिए भविष्य का मार्ग प्रशस्त करें। अडानी ने राज्य की प्रगति में योगदान देने के बारे में अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रगति का वह दृष्टिकोण है जिसका हम हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं। उन्‍होंने कहा कि इस निवेश से असम के आर्थिक विकास में तेजी आने, रोजगार के अवसर पैदा होने और राज्य को भारत के आर्थिक परिदृश्य में एक मजबूत दावेदार के रूप में स्थापित करने की उम्मीद है।

गौतम अडानी ने कहा कि जिस तरह से विशाल नदी ब्रह्मपुत्र ने इस राज्य के परिदृश्य को नया आकार दिया और अपना रास्ता बनाया, उसी तरह हमारे प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण ने हम सभी के लिए संभावनाओं के परिदृश्य को नया आकार दिया है।

Related Articles

Latest News