Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयमध्य रेलवे के मेगा ब्लॉक से रेलयात्री हलकान, तीन दिन के लिए...

मध्य रेलवे के मेगा ब्लॉक से रेलयात्री हलकान, तीन दिन के लिए 953 लोकल, 72 मेल एक्सप्रेस रद्द

मुंबई (हि. स.)। मध्य रेलवे के सीएसएमटी और ठाणे स्टेशन के बीच 63 घंटे का विशेष मेगाब्लॉक होने से मुंबईवासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष मेगाब्लाक की वजह से मध्य रेलवे के हर स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा है। हालांकि राज्य सरकार की ओर से एसटी महामंडल और बेस्ट उपक्रम की अतिरिक्त बसें चलाई जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था काफी कम साबित हुई है।

दरअसल, मध्य रेलवे के सीएसएमटी और ठाणे स्टेशन के बीच लाइन पर कार्यों के चलते गुरुवार आधी रात से मुंबई में तीन दिन के लिए 953 लोकल, 72 मेल एक्सप्रेस रद्द कर दी गई हैं। इस ब्लॉक के दौरान रेल यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर एसटी महामंडल ने 50 और बसें चलाने का फैसला किया है। इसी तरह बेस्ट उपक्रम की ओर 55 बसों की व्यवस्था की गई है।

एसटी महामंडल की ओर से कुर्ला नेहरूनगर, परेल और दादर स्टेशनों से ठाणे के लिए 50 अतिरिक्त बसें चलाई जा रही है। इसी तरह बेस्ट उपक्रम ने भी 55 बसों को रास्ते पर उतारा है, लेकिन यह सब मुंबई वासियों की संख्या को देखते हुए ऊंट के मुंह में जीरा जैसी कहावत चरितार्थ हो रही हैं। इसके साथ ही टैक्सी और रिक्शा चालकों को यात्रियों से अतिरिक्त पैसे न लेने की हिदायत राज्य सरकार की ओर दी गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोगों को घर से ही काम करने की अपील की है और अति आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की भी अपील की है।

मध्य रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार सीएसएमटी और ठाणे स्टेशन के बीच स्लो ट्रेक पर काम युद्ध स्तर पर चल रहा है, जो बहुत जल्द पूरा हो जाएगा। मध्य रेलवे ने यात्रियों को सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Latest News