Monday, June 15, 2026
Homeराष्ट्रीयबर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में बढ़ी ठंड, तापमान में आई गिरावट

बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में बढ़ी ठंड, तापमान में आई गिरावट

श्रीनगर (हि.स.)। ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट आई है। गुलमर्ग और पहलगाम जैसे पर्यटन स्थल सोमवार को सबसे ठंडे स्थान रहे।

मौसम विज्ञान केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि एक दिन पहले हुई ताजा बर्फबारी के बाद रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात को गुलमर्ग के स्की रिसॉर्ट में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पिछली रात यह शून्य से नीचे 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पहलाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर और इसके आसपास के इलाकों में आसमान बादलों से घिरा रहा जिससे मौसम ठंडा रहा हालांकि रविवार को अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। कश्मीर घाटी के अन्य स्थानों पर भी पिछले दिन अधिकतम तापमान में 0 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई थी। मौसम विभाग ने कहा कि काजीगुंड में सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में 1.2 डिग्री सेल्सियस और दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग के पिकनिक स्थल में 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि 30 नवंबर की शाम तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही 1 दिसंबर को एक और पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है जिससे ऊंचाई वाले इलाकों और छिटपुट जगहों पर हल्की बारिश और हल्की बर्फबारी हो सकती है। उन्होंने बताया कि इसके बाद 5 दिसंबर तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा।

Related Articles

Latest News