जबलपुर, । प्रदेश में विद्युत सेवाओं को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और उपभोक्ता-केंद्रित बनाने की दिशा में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह ने शुक्रवार को सीहोर जिले का दौरा कर विद्युत वितरण व्यवस्था की जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
उन्होंने मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के “संपर्क अभियान–2026” के अंतर्गत आयोजित उपभोक्ता संपर्क शिविर में पहुंचकर उपभोक्ताओं से सीधे संवाद किया, उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने और अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव ने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं की संतुष्टि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपभोक्ताओं से सीधे संवाद के माध्यम से प्राप्त फीडबैक विद्युत सेवाओं में सुधार का सबसे प्रभावी आधार बनता है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के त्वरित निराकरण के साथ उनकी नियमित मॉनिटरिंग करने तथा सेवा वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान प्रमुख सचिव ने मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के 132 केवी उपकेंद्र बिजौरी तथा मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 33/11 केवी उपकेंद्र मंडी (सीहोर) का निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल पैनलों, स्मार्ट मीटरिंग प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्थाओं, तकनीकी उपकरणों तथा रखरखाव कार्यों का अवलोकन कर निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्युत अधोसंरचना का नियमित अनुरक्षण एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर एवं भरोसेमंद बिजली सेवा मिल सके।
प्रमुख सचिव श्री मनीष सिंह ने “संपर्क अभियान–2026” को उपभोक्ता विश्वास सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान कंपनी और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करते हैं तथा जमीनी स्तर की समस्याओं के त्वरित समाधान में प्रभावी भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने इस प्रकार के उपभोक्ता संपर्क कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक भोपाल क्षेत्र बी.बी.एस. परिहार, महाप्रबंधक सीहोर वृत्त पूनम तुमराम, उप महाप्रबंधक (संचारण एवं संधारण) अंकित पालीवाल तथा उप महाप्रबंधक राजन मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








