Friday, October 23, 2026
Homeराष्ट्रीयदेश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर फरवरी में 6.7...

देश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर फरवरी में 6.7 फीसदी पर

नई दिल्ली (हि.स.)। देश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि की रफ्तार फरवरी में सालाना आधार पर 6.7 फीसदी रही है। हालांकि, इससे पिछले महीने जनवरी के संशोधित 4.1 फीसदी के मुकाबले बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर अधिक है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने गुरुवार को जारी एक बयान में कहा कि उर्वरक जैसे क्षेत्रों के खराब प्रदर्शन की वजह से आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर फरवरी महीने में सालाना आधार पर 6.7 फीसदी रही। हालांकि, बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर जनवरी के मुकाबले अधिक है, जो 4.1 फीसदी थी। दिसंबर 2023 में यह 4.9 फीसदी की दर से बढ़ी थी जबकि फरवरी, 2023 में वृद्धि दर 7.4 फीसदी रही थी।

मंत्रालय के मुताबिक फरवरी, 2024 में कोयला, प्राकृतिक गैस, सीमेंट, स्टील, कच्चे तेल, बिजली और रिफाइनरी उत्पादों के उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। इस तरह कुल मिलाकर इन क्षेत्रों की उत्पादन में वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष 2023-24 में अप्रैल-फरवरी में घटकर 7.7 फीसदी रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष 2022-23 में अप्रैल-फरवरी के दौरान 8.2 फीसदी थी। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक उर्वरक के उत्पादन में गिरावट आई है।

उल्लेखनीय है कि देश के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में आठ प्रमुख बुनियादी क्षेत्रों का योगदान 40.27 फीसदी है। आठ बुनियादी उद्योगों में कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट और बिजली है।

Related Articles

Latest News