Indian women’s Hockey Team for Australia Tour (हि.स.)। हॉकी इंडिया ने सोमवार को आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की 26 सदस्यीय टीम का ऐलान किया। यह दौरा 26 अप्रैल से 4 मई 2025 तक पर्थ हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। इस पांच मैचों की सीरीज में भारत पहले दो मुकाबलों में ऑस्ट्रेलिया ए टीम से खेलेगा, जबकि इसके बाद तीन मुकाबले सीनियर ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ होंगे।
इस दौरे के लिए टीम की कमान अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है, जबकि अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। यह दौरा भारतीय टीम के लिए आगामी जून में यूरोप में होने वाली एफआईएच प्रो लीग 2024-25 की तैयारियों के तहत महत्वपूर्ण साबित होगा।
उल्लेखनीय रूप से पांच खिलाड़ियों ज्योति सिंह, सुजाता कुजूर, अजमीना कुजूर, पूजा यादव और महिमा टेटे को सीनियर टीम में शामिल किया गया है और वे सीनियर टीम में पदार्पण करने के लिए उत्सुक होंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने टीम पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “यह ऑस्ट्रेलिया दौरा हमारे लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, जहां हम शीर्ष स्तर की प्रतिस्पर्धा के खिलाफ अपनी स्किल्स और रणनीतियों का परीक्षण करेंगे। हमने एक संतुलित टीम का चयन किया है, जिसमें अनुभव और नई ऊर्जा का मिश्रण है। यह देखकर अच्छा लगता है कि युवा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों और सीनियर कैंपों में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अपनी जगह बनाई है।”
कोच ने कहा, “हमने बेंगलुरु में राष्ट्रीय कैंप में अच्छा प्रशिक्षण लिया है और टीम मानसिक और शारीरिक रूप से अच्छी स्थिति में है। ऑस्ट्रेलिया ए और हॉकीरूस के खिलाफ खेलने से हमें यूरोपियन प्रो लीग से पहले अपनी खेल शैली को बेहतर करने में मदद मिलेगी। हम फिटनेस, निर्णय लेने की क्षमता और मानसिक दृढ़ता को मजबूत कर रहे हैं ताकि हम उच्च दबाव वाली स्थितियों में भी संयमित और प्रतिस्पर्धी बने रहें।”
26 सदस्यीय भारतीय टीम इस प्रकार है
गोलकीपर- सविता, बिचू देवी खारीबाम।
डिफेंडर्स- ज्योति सिंह, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम, सुजाता कुजूर, सुमन देवी थौदम, ज्योति, अजमीना कुजूर और साक्षी राणा।
मिडफील्डर- सलीमा टेटे (कप्तान) वैष्णवी विट्ठल फाल्के,नेहा, शर्मिला देवी, मनीषा चौहान, सुनीता टोप्पो, महिमा टेटे, पूजा यादव और लालरेमसियामी।
फॉरवर्ड- नवनीत कौर (उपकप्तान), दीपिका, रुतजा दादासो पिसल, मुमताज खान, बलजीत कौर, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुंग।
स्टैंडबाय खिलाड़ी- बंसरी सोलंकी (गोलकीपर),अंजना डुंडुंग, लालथंतलुंगी (डिफेंडर), साक्षी शुक्ला,खैदेम शिलेमा चानू (मिडफील्डर),दीपी मोनिका टोप्पो, सोनम (फॉरवर्ड)।




![लग्जरी कारों के शौकीन हो जाएं तैयार, इस महीने लॉन्च होंगी 4 जबरदस्त गाड़ियां Mercedes-Benz GLC Electric]](https://lokraag.com/wp-content/uploads/2026/11/Mercedes-Benz-GLC-Electric-324x160.jpg)




![लग्जरी कारों के शौकीन हो जाएं तैयार, इस महीने लॉन्च होंगी 4 जबरदस्त गाड़ियां Mercedes-Benz GLC Electric]](https://lokraag.com/wp-content/uploads/2026/11/Mercedes-Benz-GLC-Electric-100x70.jpg)

