Monday, July 27, 2026
Homeराष्ट्रीयIndian Idol 16 में जबलपुर का जलवा, तनिष्क शुक्ला बने फर्स्ट रनर-अप;...

Indian Idol 16 में जबलपुर का जलवा, तनिष्क शुक्ला बने फर्स्ट रनर-अप; संस्कारधानी और मध्य प्रदेश का बढ़ाया मान

Indian Idol 16 : संस्कारधानी जबलपुर के होनहार युवा गायक तनिष्क शुक्ला ने अपनी मधुर आवाज, अथक मेहनत और संगीत के प्रति अटूट समर्पण के दम पर इंडियन आइडल सीजन 16 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ जबलपुर, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया। देश के सबसे बड़े सिंगिंग रियलिटी शो में तनिष्क ने पूरे सीजन अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से जजों और करोड़ों दर्शकों का दिल जीता। वहीं, ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने शानदार प्रदर्शन के साथ इंडियन आइडल 16 की ट्रॉफी अपने नाम की।

फाइनल के नतीजों की घोषणा होते ही जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई। तनिष्क की सफलता केवल उनकी गायकी का परिणाम नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष, लगातार मेहनत और कभी हार न मानने वाले जज्बे की मिसाल है। एक दौर ऐसा भी था, जब वह एंजायटी जैसी गंभीर मानसिक चुनौती से जूझ रहे थे, लेकिन उन्होंने संगीत को अपनी ताकत बनाया और हर मुश्किल का डटकर सामना किया। आज उनकी प्रेरणादायक यात्रा देशभर के युवाओं के लिए यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, हौसले बुलंद हों और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता एक दिन जरूर कदम चूमती है।

इंडियन आइडल सीजन 16 में शुरुआत से ही तनिष्क शुक्ला अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहे.

हर एपिसोड में उन्होंने अलग-अलग तरह के गाने गाकर अपनी गायकी का हुनर दिखाया. कभी रोमांटिक गीत, कभी सूफी संगीत और कभी पुराने सदाबहार गानों को उन्होंने इतने खूबसूरत अंदाज में पेश किया कि दर्शकों के साथ-साथ जज भी उनकी तारीफ करते नहीं थके.

पूरे सीजन में उनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी सादगी, सुरों पर मजबूत पकड़ और भावनाओं से भरी प्रस्तुति रही. यही वजह रही कि उन्हें लगातार दर्शकों का प्यार और वोट मिलते रहे. फाइनल तक पहुंचना आसान नहीं था, लेकिन तनिष्क ने हर चुनौती का सामना पूरे आत्मविश्वास के साथ किया. इंडियन आइडल जैसे बड़े मंच पर फर्स्ट रनर-अप बनना किसी भी युवा कलाकार के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. इस सफलता ने तनिष्क शुक्ला को देशभर में नई पहचान दिलाई है.

शतरंज से शुरु किया सफर 

बहुत कम लोग जानते हैं कि बचपन में तनिष्क शुक्ला को शतरंज यानी चेस खेलने का बहुत शौक था. उन्होंने कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा भी लिया, लेकिन कुछ निजी कारणों से उन्हें चेस छोडऩा पड़ा. उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यही बच्चा आगे चलकर देश के सबसे बड़े सिंगिंग शो में अपनी पहचान बनाएगा. साल 2021 में उन्होंने जबलपुर के प्रसिद्ध संगीत गुरु प्रकाश वेरुलकर से विधिवत संगीत सीखना शुरू किया. गुरु के मार्गदर्शन और लगातार मेहनत ने उनकी गायकी को नई ऊंचाई दी. रोजाना कई घंटों तक रियाज करना उनकी दिनचर्या बन गया. इसी मेहनत का नतीजा है कि कुछ ही वर्षों में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना ली.

तनिष्क की तारीफ करते नजर आए बादशाह और फाइटर लिखा हुआ माइक भेंट किया

इंडियन आइडल के मंच पर कई ऐसे पल आए जब जज तनिष्क की तारीफ करते नजर आए. रैपर और जज बादशाह उनकी मेहनत और संघर्ष से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने तनिष्क को खास तौर पर तनिष्क फाइटर लिखा हुआ माइक भेंट किया.

 

Related Articles

Latest News