Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयइंडिगो संकटः डीजीसीए ने 4 उड़ान संचालन निरीक्षकों को पदमुक्त किया

इंडिगो संकटः डीजीसीए ने 4 उड़ान संचालन निरीक्षकों को पदमुक्त किया

नई दिल्ली,(हि.स.)। देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो के संकट के 11 वें दिन नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने शुक्रवार को चार उड़ान संचालन निरीक्षकों (एफओआई) को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया। इसके बाद ये सभी अधिकारी अपने मूल कंपनियों में वापस लौट जाएंगे।

डीजीसीए द्वारा हटाए गए एफओआई में ऋषभ राज चटर्जी (संविदा सहायक मुख्य उड़ान संचालन निरीक्षक), सीमा झामनानी (वरिष्ठ उड़ान संचालन निरीक्षक), अनिल कुमार पोखरियाल और प्रियम कौशिक (दोनों संविदा उड़ान संचालन निरीक्षक) शामिल हैं।

आदेश में इन निरीक्षकों के सरकारी ई-मेल और ई-ऑफिस खातों को तत्काल निष्क्रिय करने के निर्देश दिए गए हैं।

उड़ान संचालन निरीक्षक देश में हवाई सुरक्षा ढांचे के अहम हिस्सा होते हैं और विमान कंपनियों का निरीक्षण, पायलट परीक्षाएं तथा कॉकपिट में अचानक जांच जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाओं का निर्वहन करते हैं।

ये अधिकारी इंडिगो के ऑपरेशनल चेक, सेफ्टी ओवरसाइट और नियमों के क्रियान्वयन की सीधी निगरानी कर रहे थे।

इस बीच, इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर एल्बर्स शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन डीजीसीए के सामने पेश होंगे। गुरुवार को उनसे करीब दो घंटे तक ऑपरेशंस, क्रू मैनेजमेंट, रिफंड और मुआवजे से जुड़े सवालों पर पूछताछ की गई थी।

उल्लेखनीय है कि इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को बेंगलुरु हवाईअड्डे से इंडिगो की 54 उड़ानें रद्द हुईं, जिनमें 31 आगमन और 23 प्रस्थान उड़ानें शामिल थीं।

इससे पहले गुरुवार को दिल्ली और बेंगलुरु में 200 से अधिक उड़ानें रद्द हुई थीं। लगातार उड़ानें रद्द होने से हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। केंद्र सरकार पहले ही कंपनी को यात्रियों के रिफंड में तेजी लाने और टिकटों के बढ़ते दाम पर नियंत्रण रखने के निर्देश दे चुकी है।

Related Articles

Latest News