आईपीएल 2025 के प्लेऑफ के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 20 रनों से हरा दिया और दूसरे क्वालिफायर में जगह बना ली है। अहमदाबाद में शुक्रवार को खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 228 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 208 रन ही बना सकी।
मुंबई इंडियंस की जीत के हीरो रोहित शर्मा रहे। उन्होंने 50 गेंद में 81 रन की तूफानी पारी खेली। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा (81) की बेहतरीन पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए प्लेऑफ इतिहास का 228 रन का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।
मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा और बेयरस्टो ने 84 रन की साझेदारी की, जॉनी बेयरस्टो ने 47 रन बनाए। जिसके बाद सूर्यकुमार यादव (33) और फिर तिलक वर्मा (25) ने भी रोहित के साथ बेहतरीन और तेज साझेदारी की। उसके बाद आखिरी ओवर में कप्तान हार्दिक पंड्या (22) ने 3 छक्के जमाकर टीम को 228 रन तक पहुंचाया। आखिरी ओवर में 22 रन आए और ये बहुत बड़ा अंतर साबित हुए। गुजरात के लिए साई किशोर और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट लिए।
गुजरात टाइटंस के लिए साई सुदर्शन (80) ने जबरदस्त पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। साई सुदर्शन ने इस सीजन में अपनी शानदार बल्लेबाजी के सिलसिले को एलिमिनेटर मैच में भी जारी रखा। सुदर्शन ने एक और बेहतरीन अर्धशतक जमाया और इस दौरान उन्हें वॉशिंगटन सुंदर का साथ मिला सुदर्शन और वॉशिंगटन सुंदर (48) की साझेदारी घातक साबित हो रही थी, लेकिन बुमराह की एक यॉर्कर गेंद पर वो बोल्ड हो गए और इसके बाद गुजरात वापसी नहीं कर पाया और 20 ओवर में टीम 208 रन ही बने और गुजरात टाइटंस 20 रनों से हार गया।











