Friday, April 24, 2026
Homeराष्ट्रीयIPL 2025: हाई स्कोरिंग मैच में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को...

IPL 2025: हाई स्कोरिंग मैच में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 8 विकेट से हराया

जयपुर (हि.स.)। IPL 2025 के 47वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 8 विकेट से हराया है। गुजरात ने 4 विकेट खोकर 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के शानदार शतक की मदद से राजस्थान ने 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

जयपुर के सवाई मानसिंह स्‍टेडियम में गुजरात टाइटंस की ओर से मिले 210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल ने धमाकेदार शुरुआत की। युवा वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 166 रन की साझादारी की। अच्छी पार्टनरशिप के अलावा यहां रनगति भी काफी तेज रही। दोनों ने मात्र 12 ओवर में यह साझेदारी बनाई। वैभव ने 35 गेंदों में शतक पूरा करते हुए 38 गेंदों में 11 छक्का और 7 चौकों की मदद से 101 रन की पारी खेली। वैभव के अलावा, यशस्वी जायसवाल ने 40 गेंदों में 70 रनों की नाबाद पारी खेली। उनका भरपूर साथ कप्तान रियान पराग ने भी 15 गेंदों में 32 रन बनाकर दिया।

गुजरात की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 209 रन बनाए। कप्‍तान शुभमन गिल ने 50 गेंदों पर 84 रन की पारी खेली। वहीं जोस बटलर 26 गेंदों पर 50 रन बनाकर नाबाद रहे। साई सुदर्शन के बल्‍ले से भी 39 रन निकले। वॉशिंगटन सुंदर ने 13 और राहुल तेवतिया ने 9 रन की पारी खेली। शाहरुख खान 5 रन बनाकर नाबाद रहे।

राजस्थान के लिए महीश तीक्ष्णा ने दो विकेट चटकाए। जबकि जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

Related Articles

Latest News