MP : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित चौथी हॉकी इंडिया जूनियर महिला अकादमी चैंपियनशिप 2026 (जोन ए और बी) का आगाज रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। पहले ही दिन खेले गए मैचों में राजा करण हॉकी अकादमी, तमिलनाडु हॉकी अकादमी, रितु रानी हॉकी अकादमी और मेजबान मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने शानदार और एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। दमदार प्रदर्शन और आक्रामक खेल के दम पर इन टीमों ने शुरुआती मुकाबलों में ही अपनी दावेदारी मजबूत कर दी, जिससे टूर्नामेंट की शुरुआत बेहद उत्साहपूर्ण रही।
पूल-ए के उद्घाटन मुकाबले में राजा करण हॉकी अकादमी ने खालसा हॉकी अकादमी (अमृतसर) को 2-0 से हराया. टीम की कप्तान राखी ने 25वें और 58वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाई. दोनों गोल उनके खाते में आए और टीम ने पूरे मुकाबले में विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया.
पूल-ए के दूसरे मुकाबले में तमिलनाडु हॉकी अकादमी ने हॉकी फैमिली बड़खालसा एनसीआर हॉकी सोसायटी पर 8-0 की बड़ी जीत दर्ज की. एस पूजा ने 30वें, 47वें और 59वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की. कप्तान जैंसी ए ने 12वें और 44वें मिनट में दो गोल किए, जबकि कीर्तिगा ने 32वें और 34वें मिनट में लगातार दो गोल दागे. इसके अलावा वी राघवी ने 37वें मिनट में एक गोल कर टीम की शानदार जीत में योगदान दिया.
पूल-बी में रितु रानी हॉकी अकादमी ने वडीपट्टी राजा हॉकी अकादमी के खिलाफ 13-0 की विशाल जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी. टीम की ओर से खुशदीप कौर ने चार गोल किए. उन्होंने चौथे, 39वें, 40वें और 42वें मिनट में गोल दागे. हीना ने 32वें, 50वें और 55वें मिनट में गोल कर हैट्रिक पूरी की. चाहत और हशमीत कौर ने दो-दो गोल किए, जबकि हर्षदीप कौर और सपना ने भी एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की.
दिन के अंतिम मुकाबले में मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाई बेहलो हॉकी अकादमी भगता को 12-0 से करारी शिकस्त दी. सुदीप्ता किंडो, कनक पाल, संजना मौर्य और सुजाता जयंत ने दो-दो गोल किए. वहीं प्रियांशी भावनार, स्नेहा दवड़े, तन्वी और हिरवा पुरोहित ने भी एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.
टूर्नामेंट के पहले दिन सभी विजेता टीमों ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने पूल में मजबूत शुरुआत की. बड़े अंतर से मिली इन जीतों ने यह संकेत भी दिया कि आगामी मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा और अधिक रोमांचक होने वाली है. ग्वालियर में आयोजित इस चैंपियनशिप में देशभर की जूनियर महिला हॉकी अकादमियां हिस्सा ले रही हैं और पहले दिन के नतीजों ने टूर्नामेंट को शानदार शुरुआत दी है.











