Homeराष्ट्रीयएमपी की राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी कृष्णा शर्मा को मिलेगा खेल...

एमपी की राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी कृष्णा शर्मा को मिलेगा खेल पुरस्कार

ग्वालियर (हि.स.)। ग्वालियर शहर की निवासी और मध्यप्रदेश महिला हॉकी अकादमी में प्रशिक्षणरत कृष्णा शर्मा को “पंख” खेल उपलब्धि पुरस्कार 2024 मिलेगा। पुरस्कार समारोह 20 फरवरी को सुबह 11.15 बजे से भोपाल में जहांगीराबाद स्थित राज्यपाल भवन के सामने स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। विजेताओं को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे। यह जानकारी शनिवार को जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया ने दी।

उन्होंने बताया कि नाका चन्द्रबदनी निवासी माया शर्मा और सुनील शर्मा की सुपुत्री कृष्णा हाल ही में नीदरलैंड्स में हुई सब जूनियर गर्ल्स हॉकी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिधित्व करके वापस लौटीं हैं। शहर की इस होनहार बेटी ने इंडिया सब जूनियर, एमपी जूनियर और सब जूनियर के अलावा खेलो इंडिया में भी अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। कृष्णा ने बताया कि वे राइट आर्म स्ट्राइकर की पोजिशन पर खेलती हैं। वर्तमान में हॉकी अकादमी में कोच वंदना उइके और परमजीत सिंह से हॉकी की बारीकियों को सीख रही हैं। खेल के साथ-साथ वह ग्यारहवीं कक्षा में अध्ययनरत भी हैं।

Related Articles

Latest News