केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश किया और विकास को नई रफ्तार देने के कई बड़े ऐलान किए। इस बजट में बिहार के लिए भी कई खास प्रावधान किए गए हैं।
वित्त मंत्री ने कहा कि अगले पांच वर्षों में देश में 20 नए अंतरदेशीय जलमार्ग शुरू किए जाएंगे। इसके तहत पटना में जहाज मरम्मत सुविधा स्थापित की जाएगी, जिससे आंतरिक जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
बजट में वाराणसी–सिलीगुड़ी रेल कॉरिडोर की भी घोषणा की गई है।
इस कॉरिडोर के मार्ग में आरा जंक्शन, पटना का दानापुर या पाटलिपुत्र स्टेशन, सोनपुर और छपरा जंक्शन, मुजफ्फरपुर, खगड़िया या बेगूसराय, कटिहार जंक्शन होते हुए पश्चिम बंगाल में प्रवेश करके सिलीगुड़ी तक पहुंचेगी। यह परियोजना बिहार में बेहतर कनेक्टिविटी और व्यापार वृद्धि में सहायक होगी।
वित्त मंत्री ने महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए हर जिले में एक महिला छात्रावास बनाने का ऐलान किया, जिससे छात्राओं और कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास की सुविधा मिलेगी।
बजट में अन्य महत्वपूर्ण घोषणाओं में शुगर और कैंसर की दवाओं को सस्ता करना, जैविक दवाओं के उत्पादन पर जोर, सेमीकंडक्टर के लिए 40,000 करोड़ रुपये आवंटन और महात्मा गांधी स्वराज योजना शामिल हैं।
इसके अलावा, कॉरपोरेट क्षेत्र के लिए पेशेवर संस्थानों को सस्ता बनाने की योजना भी शामिल है।











