Thursday, April 30, 2026
Homeराष्ट्रीयतेल कंपनियों ने कहा- देश में ईंधन का पर्याप्‍त स्टॉक, घबराहट में...

तेल कंपनियों ने कहा- देश में ईंधन का पर्याप्‍त स्टॉक, घबराहट में खरीदारी की जरूरत नहीं

नई दिल्ली (हि.स)। भारत और पाकिस्‍तान में बढ़ते तनाव के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने जनता को पर्याप्त ईंधन स्टॉक का आश्वासन देते हुए कहा कि घबराहट में खरीदारी की जरूरत नहीं है। आईओसी का ये बयान सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म पर उन खबरों एवं वीडियो के आने के बाद जारी किया गया है, जिनमें दावा किया गया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के कारण पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के लिए लोगों की कतारें लग गई हैं।

देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने शुक्रवार को कहा कि हमारी सभी आपूर्ति लाइन सुचारू रूप से काम कर रही हैं। हमारे सभी ‘आउटलेट’ पर ईंधन और एलपीजी उपलब्ध हैं। शांत रहकर और अनावश्यक भीड़ लगाने से बचते हुए हमें आपकी बेहतर सेवा करने में मदद करें। इससे हमारी आपूर्ति लाइन निर्बाध रूप से चलती रहेंगी और सभी के लिए निर्बाध ईंधन पहुंच सुनिश्चित होगी।

भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने भी एक बयान में कहा कि उसके राष्ट्रव्यापी नेटवर्क में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी उपलब्ध है। देशव्यापी नेटवर्क में बीपीसीएल के सभी ईंधन स्टेशन और एलपीजी वितरक सुचारू रूप से काम कर रहे हैं।

कंपनी ने कहा कि चिंता या घबराहट में खरीदारी करने की कोई वजह नहीं है। हमारी आपूर्ति श्रृंखला का संचालन मजबूत और कुशल बना हुआ है, इसलिए हम सभी ग्राहकों से शांत रहने का आग्रह करते हैं। बीपीसीएल ऊर्जा की सुलभता और विश्वसनीयता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता में दृढ़ है।

Related Articles

Latest News